12 साल से राशन कार्ड के लिए भटक रहा दिव्यांग, डीएम कार्यालय तक घिसटकर पहुंचा ब्रजभूषण, मीडिया के सामने बयां किया अपना दर्द
यूपी के बांदा में एक दिव्यांग राशन कार्ड बनवाने के लिए 12 साल से सरकारी कार्यालयों की दौड़ लगा रहा है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।

बांदा,उत्तर प्रदेश। सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए एक दिव्यांग व्यक्ति को किस तरह संघर्ष करना पड़ रहा है, इसकी मार्मिक तस्वीर गुरुवार को बांदा के जिलाधिकारी कार्यालय में देखने को मिली। दोनों पैरों से 100 प्रतिशत दिव्यांग स्योंढ़ा गांव निवासी ब्रजभूषण अपनी फरियाद लेकर घिसटते हुए डीएम कार्यालय पहुंचे। चेहरे पर बेबसी और आंखों में उम्मीद लिए उन्होंने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां किया, तो वहां मौजूद लोगों का भी दिल पसीज गया। परिवार की बदहाली और राशन कार्ड न बन पाने की पीड़ा बताते हुए उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। उनकी मांग थी कि अंत्योदय योजना के तहत राशन कार्ड बनवाया जाए, ताकि परिवार को कम से कम दो वक्त का भोजन मिल सके।
ब्रजभूषण ने बताया कि वह पिछले 12 वर्षों से राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। इस दौरान कभी गांव के जिम्मेदार लोगों से संपर्क किया तो कभी अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाए, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी का आलम यह है कि इस दीपावली पर उनके घर में आटा तक नहीं था। त्योहार के दिन भी परिवार को आसपास के लोगों से मदद मांगकर गुजारा करना पड़ा।
उनके मुताबिक, परिवार के पास न खेती की जमीन है और न ही रहने के लिए पक्का मकान। बरसात के दौरान उनका घर भी गिर गया, जिसके बाद से वह बरसाती डालकर किसी तरह जीवन गुजार रहे हैं। परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा एक हजार रुपये की दिव्यांग पेंशन है, जो उनके अनुसार नियमित रूप से भी नहीं मिलती। ऐसे में परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया है।
ब्रजभूषण ने आरोप लगाया कि गांव में कुछ परिवारों के पास तीन-तीन राशन कार्ड हैं, जबकि वर्षों से आवेदन करने के बावजूद उनका कार्ड नहीं बन सका। उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी दिव्यांगता और आर्थिक स्थिति की जांच कराने तथा अंत्योदय योजना के तहत लाल राशन कार्ड जारी कराने की मांग की। उनका कहना था कि दिव्यांग होने के कारण उन्हें सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए और परिवार को भूखा रहने की नौबत नहीं आनी चाहिए।
जिलाधिकारी कार्यालय में मीडिया के सामने ब्रजभूषण की परेशानी सामने आने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी कयामुद्दीन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ब्रजभूषण के पास बैठकर उनकी बात सुनी और समस्या से संबंधित दस्तावेज अपने पास लिए। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी अभी मिली है। आवश्यक कागजात प्राप्त कर लिए गए हैं और जल्द ही राशन कार्ड बनवाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब ब्रजभूषण और उनके परिवार को प्रशासन की इस पहल से राहत मिलने की उम्मीद है।




