जयपुर में पिता की हत्या का बदला लेने के लिए विजय बाजिया की हत्या, मुख्य आरोपी समेत चार गिरफ्तार

राजधानी जयपुर के करधनी इलाके में बुधवार रात हुए विजय बाजिया हत्याकांड का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जयपुर,एजेंसी। राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुई विजय बाजिया की हत्या का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अनीश गोल्या ने वर्ष 2019 में अपने पिता कैलाश गोल्या की हत्या का बदला लेने के लिए इस वारदात की साजिश रची थी। गिरफ्तार आरोपियों में अनीश के अलावा युवराज चौधरी, दिनेश निठारवाल और कमलेश गोल्या शामिल हैं।

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि वारदात के दौरान आरोपी बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में सवार होकर विजय बाजिया का पीछा कर रहे थे। बेनाड़ रोड पर उन्होंने विजय की फॉर्च्यूनर को टक्कर मार दी। इसके बाद विजय गाड़ी से उतरकर भागने लगा तो आरोपियों ने उसका पीछा किया और लोहे के सरियों तथा कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण विजय की मौत हो गई। मृतक जोबनेर का निवासी था।

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। शहरभर में नाकाबंदी की गई और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर से बाहर भागने की फिराक में थे, लेकिन सफल नहीं हो सके। तड़के करीब चार बजे करधनी थाने के पास से चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े जाने पर आरोपियों ने पुलिस से कहा कि वे खुद थाने पहुंच रहे थे।

एसीपी शिव कुमार भारद्वाज के मुताबिक, मुख्य आरोपी अनीश गोल्या के पिता कैलाश गोल्या की वर्ष 2019 में जोबनेर क्षेत्र के एक शराब ठेके पर हत्या हुई थी। इस मामले में विजय बाजिया गिरफ्तार होकर जेल गया था और कुछ समय पहले जमानत पर बाहर आया था। पुलिस का कहना है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते अनीश ने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए विजय की हत्या की योजना बनाई और अपने तीन साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया।

डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से तीन का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, जबकि मुख्य आरोपी अनीश आपराधिक प्रवृत्ति का बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वह 7007 नाम से संचालित एक आपराधिक गैंग से जुड़ा है, जिसे जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के कुछ बदमाशों ने मिलकर बनाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button