शिमला में बंदर ने जेब से निकाले 81,800 रुपये, पेड़ पर चढ़कर एक-एक कर नीचे फेंके नोट
शिमला में पैसे जमा कराने जा रहे शख्स की जेब से एक बंदर ने 81800 रुपये निकाल लिए। पैसे निकालने के बाद वो पेड़ में जा चढ़ा। इसके बाद उसने जो किया उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।

शिमला,एजेंसी। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बंदर की अजीबोगरीब हरकत ने लोगों को हैरान कर दिया। उपायुक्त कार्यालय के बाहर बैंक में रुपये जमा कराने जा रहे एक व्यक्ति की जेब से बंदर ने 81,800 रुपये का पैकेट निकाल लिया और पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद बंदर पैकेट से एक-एक कर नोट नीचे फेंकने लगा। अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह बिखरता देखकर व्यक्ति घबरा गया, जबकि मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, व्यक्ति 81,800 रुपये लेकर बैंक में जमा कराने जा रहा था। इसी दौरान बंदर ने उसकी जेब से नकदी का पैकेट झपट लिया और पास के पेड़ पर जा बैठा। पेड़ पर पहुंचने के बाद उसने पैकेट से नोट निकालकर नीचे फेंकने शुरू कर दिए। देखते ही देखते पेड़ के आसपास सड़क पर नोट बिखर गए। व्यक्ति को परेशान देखकर उपायुक्त कार्यालय के कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों ने उसकी मदद की। सभी ने मिलकर नीचे गिरे नोटों को इकट्ठा करना शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद ज्यादातर रकम वापस मिल गई, लेकिन पीड़ित के मुताबिक करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। बताया गया कि बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट फाड़ भी दिए। घटना के बाद उपायुक्त कार्यालय के बाहर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
शिमला में बंदरों की मौजूदगी लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बंदरों के सामान और खाने-पीने की चीजें छीनने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बंदरों के आतंक और उनसे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।




