जम्मू-कश्मीर में मौसम ने बदली करवट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी; फिसलन के चलते मुगल रोड बंद

जम्मू-कश्मीर में मौसम बदलने से ठंड बढ़ी है, श्रीनगर में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है और तापमान में गिरावट आएगी।

कश्मीर में गुलमर्ग और पीर की गली में ताजा बर्फबारी।

जम्मू,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही ठंड ने दस्तक दे दी है। श्रीनगर समेत घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। कुपवाड़ा के माछिल से लेकर शोपियां की पीर की गली तक बर्फबारी हुई है। पीर की गली में करीब दो इंच बर्फ जम चुकी है। मौसम खराब होने और सड़क पर फिसलन बढ़ने के कारण ऐतिहासिक मुगल रोड पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही एहतियातन बंद कर दी गई है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की भी आशंका है। कुपवाड़ा, बांदीपोरा और गांदरबल के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और ओलावृष्टि भी हो सकती है।

गुरुवार को श्रीनगर में हल्की बारिश के बाद ठंड बढ़ गई। घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिली। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में गुलमर्ग के बाहरी इलाके स्थित अफरवट चोटी पर भी ताजा बर्फ गिरी। यहां पहुंचे पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने बर्फबारी का आनंद लिया। गुलमर्ग की अफरवट पहाड़ियों के फेज-1 और फेज-2 बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं।

साधना टॉप, फेरकिन टॉप, करनाह घाटी, पीर की गली, सिंथन टॉप और जोजिला दर्रे में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। शोपियां की पीर की गली में करीब दो इंच ताजा बर्फ जम चुकी है। वहीं, कुपवाड़ा जिले के माछिल क्षेत्र के कटवाड़ी गांव सहित डुड्डी, माछिल, पुश्वारी, चोंटीवारी, रिंग पायीन, रिंग बाला, कटवारा और बिसरी बेहक में भी बर्फबारी हुई है। राजदान टॉप पर लगभग दो इंच बर्फ जमने के साथ मध्यम बर्फबारी जारी है।

उधर, सीमावर्ती पुंछ जिले में गुरुवार सुबह से मौसम खराब बना हुआ है। मैदानी और निचले इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसके चलते तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। सड़क पर फिसलन बढ़ने से वाहन चालकों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने ऐतिहासिक मुगल रोड पर यातायात अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

मुगल रोड राजौरी और पुंछ जिलों को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। यह सड़क पीर पंजाल की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं से होकर गुजरती है। सर्दियों में यहां बर्फबारी और तापमान में गिरावट के कारण सड़क पर बर्फ जमने तथा फिसलन बढ़ने का खतरा बना रहता है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान इस मार्ग पर वाहनों का संचालन जोखिम भरा हो जाता है।

मौसम विभाग ने 12 और 13 नवंबर को पीर पंजाल सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी तथा मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। पूर्वानुमान के अनुरूप जिले में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। अधिकारियों के अनुसार, मौसम सामान्य होने और संबंधित विभागों द्वारा सड़क का निरीक्षण कर उसे सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही मुगल रोड पर यातायात बहाल किया जाएगा।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ऊंचाई वाले इलाकों और प्रमुख पहाड़ी दर्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। यात्रियों को अनावश्यक रूप से पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि अगले आदेश तक मुगल रोड पर सफर न करें और यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक कंट्रोल रूम से मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें। किसानों को भी मौसम के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button