लक्ष्य सेन ने चीनी ताइपे के ची यू जेन को हराकर कुमामोतो मास्टर्स के दूसरे दौर में बनाई जगह
भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 के पुरुष सिंगल्स में चीनी ताइपे के ची यू जेन को हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

कुमामोतो,जापान। भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। बुधवार को खेले गए मुकाबले में आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य ने चीनी ताइपे के ची यू जेन को सीधे गेम में 21-19, 21-18 से हराया। जर्मनी में हायलो ओपन का खिताब जीतने के बाद लक्ष्य का आत्मविश्वास मजबूत नजर आ रहा है। हालांकि, टूर्नामेंट के डबल्स मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा।
लक्ष्य सेन और ची यू जेन के बीच मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा। दोनों खिलाड़ियों ने कोर्ट पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी ताकत लगाई और लगभग हर अंक के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली। लक्ष्य ने दबाव के क्षणों में संयम बनाए रखा और लगातार दो गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वर्ष 2021 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके लक्ष्य के लिए यह जीत इसलिए भी अहम रही, क्योंकि पिछले साल मलेशिया ओपन में उन्हें ची यू जेन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, उसी वर्ष ऑस्ट्रेलिया ओपन में लक्ष्य ने इस हार का बदला ले लिया था। अब कुमामोतो में जीत के साथ उन्होंने एक बार फिर चीनी ताइपे के खिलाड़ी के खिलाफ अपना दम दिखाया।
दूसरी ओर, डबल्स वर्ग में भारतीय जोड़ियां अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकीं। ध्रुव रावत और के. मनीषा की जोड़ी को चीनी ताइपे की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ये होंग वेई और निकोल गोंजालेस चान ने 21-16, 14-21, 14-21 से हराया। भारतीय जोड़ी ने शुरुआती गेम जीतकर मुकाबले में बढ़त बनाई थी, लेकिन अगले दो गेम में प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए जीत दर्ज की।
वहीं, हरिहरन अमसाकरुणन और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी को चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी जियांग झेन बांग और वेई या शिन के खिलाफ सीधे गेम में 7-21, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह पुरुष एकल वर्ग में लक्ष्य सेन की जीत ने भारतीय खेमे को राहत दी, जबकि डबल्स मुकाबलों में मिली हार से निराशा हाथ लगी।




