दिल्ली में खाली बाल्टियां लेकर पानी को भटक रहे लोग, कई इलाकों में किल्लत

नई दिल्ली। दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत जारी है। लोग पानी के टैंकरों के पीछे खाली बाल्टियां लेकर भटक रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में लोग पानी की बाल्टियां भरने के लिए कतार में खड़े रहते हैं।
दिल्ली के ओखला, चाणक्यपुरी के संजय कैंप इलाके और गीता कॉलोनी में पानी की भारी किल्लत है। एक वीजियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक चलते हुए पानी के टैंकर पर चढ़ते हुए लोगों को देखा जा सकता है। जबकि कई अन्य लोग बाल्टी और पाइप लेकर उसके साथ दौड़ रहे हैं।
इस बीच दिल्ली में जल संकट पर बोलते हुए जल मंत्री आतिशी ने कहा कि गर्मी के कारण पानी की मांग बढ़ गई है और दूसरी ओर यमुना में जल स्तर कम हो गया है। पिछले साल वजीराबाद तालाब में 674.5 फीट पानी था। इतने अनुरोधों के बावजूद केवल 671 फीट पानी छोड़ा गया है। वजीराबाद बैराज में पानी का स्तर कम होने के कारण सभी जल उपचार संयंत्र प्रभावित हो रहे हैं। हमने हरियाणा और यूपी सरकार से और पानी छोड़ने का अनुरोध किया है।
दिल्ली सरकार ने 31 मई को पड़ोसी राज्य हरियाणा से तत्काल अतिरिक्त पानी प्राप्त करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। दिल्ली सरकार ने अपनी याचिका में कहा कि उत्तर भारत, खासकर दिल्ली में चल रही भीषण गर्मी के कारण दिल्ली के लोगों को पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए वह याचिका दायर करने के लिए बाध्य है।
याचिका में कहा गया है कि हरियाणा सरकार को तत्काल पानी छोड़ने के लिए निर्देश दिया जाए। जल संकट के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने 30 मई को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में पानी की आपूर्ति की निगरानी के लिए एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button