हार्ट का ऑपरेशन सफल होने पर सांवलिया सेठ को चढ़ाया 21 ग्राम सोने का दिल, कीमत तीन लाख रुपये से अधिक

हार्ट की बीमारी से उबरने के बाद जालौर के एक श्रद्धालु ने चित्तौड़गढ़ स्थित श्रीसांवलियाजी मंदिर में अनोखी भेंट अर्पित की। ऑपरेशन सफल होने को भगवान की कृपा मानते हुए श्रद्धालु ने सांवलिया सेठ को 21 ग्राम सोने से बना दिल का मॉडल चढ़ाया, जिसकी कीमत 3 लाख रुपए से अधिक है।

दिल का ऑपरेशन सफल हुआ तो भक्त ने सांवलिया सेठ को चढ़ाया ‘सोने का दिल’

चित्तौड़गढ़,राजस्थान। गंभीर हृदय रोग से जूझने के बाद ऑपरेशन सफल होने पर जालौर जिले के एक श्रद्धालु ने अपनी मन्नत पूरी करते हुए मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी मंदिर में भगवान सांवलिया सेठ को 21 ग्राम सोने से बना दिल का मॉडल भेंट किया। श्रद्धालु ने बीमारी के दौरान स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी और उपचार सफल होने पर भगवान के प्रति आभार जताने के लिए यह अनोखी भेंट अर्पित की। उनकी इस अनूठी श्रद्धा की चर्चा मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं के बीच हो रही है।

चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित श्रीसांवलियाजी मंदिर में श्रद्धालु ने मंदिर के भेंट कक्ष कार्यालय में सोने से बना हृदय का मॉडल जमा कराया। मंदिर मंडल से इसकी आधिकारिक रसीद भी प्राप्त की। 21 ग्राम वजन वाले इस सोने के दिल की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

आमतौर पर श्रद्धालु मंदिरों में सोने-चांदी के आभूषण, मुकुट, हार और अन्य कीमती वस्तुएं भेंट करते हैं, लेकिन हृदय रोग के उपचार और सफल ऑपरेशन के बाद दिल के आकार का सोने का मॉडल अर्पित करना अपने आप में अलग है। श्रद्धालु ने इसे भगवान सांवलिया सेठ के प्रति अपनी कृतज्ञता और अटूट आस्था का प्रतीक बनाया।

बताया जाता है कि जालौर निवासी श्रद्धालु हृदय संबंधी गंभीर बीमारी से परेशान थे। उपचार के दौरान उन्होंने भगवान सांवलिया सेठ से स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी। ऑपरेशन सफल होने और स्वास्थ्य में सुधार के बाद वह अपनी मनोकामना पूरी करने के लिए मंडफिया मंदिर पहुंचे और सोने का दिल अर्पित कर अपना वादा निभाया। उनकी यह भेंट अब श्रद्धालुओं के बीच आस्था और विश्वास की अनोखी मिसाल के रूप में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button