गुरुग्राम के अस्पताल पर मौत के बाद भी इलाज!

पांच लाख वसूलने के बाद डेढ़ लाख और मांगे, स्वजन का हंगामा

गुरुग्राम। सेक्टर-49 स्थित पार्क अस्पताल में बुधवार रात सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद जबरदस्त हंगामा हो गया। परिवारवालों ने डॉक्टरों पर इलाज के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। परिवार वालों ने आरोप लगाया की दो दिन से अस्पताल में इलाज चल रहा था, जब उन्होंने युवक को दिल्ली के अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए कहा तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आशंका जताई कि युवक की मौत पहले ही हो चुकी थी लेकिन पैसे वसूलने के लिए उसे इलाज दिखाया गया। स्वजन ने बताया कि तीन दिनों में उनसे पांच लाख रुपये से अधिक की राशि ली गई। एम्स में भर्ती कराने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये और मांगे गए। बुधवार शाम को जब अस्पताल से युवक को शिफ्ट के लिए कहा गया तो अस्पताल प्रबंधन की तरफ से टालमटोल की गई। रात को दस बजे स्वजन का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर नजदीकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा कर जाम खुलवाया। परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को शिकायत दी है। थाना पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टर 66 के रहने वाले मोफीजूर रहमान ने बताया कि उनका 21 वर्षीय बेटा अजहर उल इस्लाम सोमवार सुबह दूध की डिलीवरी देने के लिए ऑटो से जा रहा था। सेक्टर 50 थाना क्षेत्र में सेंट जेवियर स्कूल के पास लोडिंग टेंपो ने टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल होने पर उन्हें तुरंत पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार का आरोप है कि उनके बेटे की मौत पहले ही हो चुकी थी, मगर, अस्पताल ने इलाज का बिल बढ़ाने के लिए जिंदा बताते हुए भर्ती रखा। उनसे डॉक्टर की विजिट, बेड, दवाई और टेस्ट के नाम पर रुपये लिए जाते रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button