धनतेरस और दीपावली को लेकर कौशाम्बी पुलिस अलर्ट, एसपी ने बाजारों में पैदल मार्च कर परखी सुरक्षा व्यवस्था

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशाम्बी,उत्तर प्रदेश। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कौशाम्बी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। त्योहारों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने जनपद के प्रमुख बाजारों और सराफा बाजारों में पैदल मार्च कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण करने के साथ विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता और ड्यूटी व्यवस्था भी परखी।

पैदल मार्च के दौरान एसपी ने बाजारों में पहुंचकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सराफा दुकानों और प्रमुख चौराहों की स्थिति देखी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बाजारों में विशेष सतर्कता बरती जाए और संवेदनशील तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि धनतेरस और दीपावली पर बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक ने संदिग्ध व्यक्तियों और उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही बाजारों में नियमित गश्त बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सराफा प्रतिष्ठानों और अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश भी दिए, ताकि चोरी, छिनैती और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

एसपी ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम की समस्या से बचाने के लिए यातायात का संचालन सुचारु रखा जाए। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहें, ताकि वाहनों की आवाजाही बाधित न हो और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी एवं मुस्तैदी के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे लोग बिना किसी भय के खरीदारी कर सकें और धनतेरस तथा दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button