स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में भाजपा शाहदरा का स्वच्छता अभियान, लाजपत राय प्रतिमा परिसर में की सफाई

पूर्वी दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी शाहदरा जिला द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों की प्रतिमाओं के सम्मान में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र स्थित लाजपत राय चौक पर महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय की प्रतिमा और आसपास के परिसर की सफाई कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अभियान में भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं शाहदरा जिला प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता, जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, कृष्णा नगर विधायक अनिल गोयल, पार्षद संदीप कपूर, प्रदेश उपाध्यक्ष सारिका जैन, प्रदेश मंत्री परवीना शर्मा, जिला प्रवक्ता विनीत जैन और अमित क्वात्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने स्वयं सफाई में भाग लेकर परिसर को स्वच्छ किया और स्थानीय नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों की सफाई के प्रति जागरूक किया।
डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। लाला लाजपत राय जैसे महापुरुषों की प्रतिमाओं को स्वच्छ और सम्मानजनक रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे अभियान ही सच्ची श्रद्धांजलि हैं।
जिला अध्यक्ष दीपक गाबा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान सेनानियों के आदर्शों को याद करने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर है। उन्होंने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए नागरिकों से इसमें भागीदारी की अपील की।
विधायक अनिल गोयल ने कहा कि लाला लाजपत राय का जीवन त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। इस तरह के अभियान नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ते हैं और समाज में जिम्मेदारी का भाव जगाते हैं। पार्षद संदीप कपूर ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं देश के गौरवशाली इतिहास की प्रतीक हैं, जिन्हें स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य है।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने “स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत” और “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प के साथ स्वच्छता अभियान को आगे भी जारी रखने का निर्णय लिया। भाजपा शाहदरा जिला द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे अभियान चलाए जाने की जानकारी दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button