शराब घोटाला मामले में जेल में बंद रामगोपाल अग्रवाल से मिले भूपेश बघेल, बोले- कांग्रेस नेताओं को किया जा रहा परेशान
रामगोपाल अग्रवाल से छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने मुलाकात की है। इस दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल को फंसाया जा रहा है। बता दें ईडी ने रामगोपाल अग्रवाल पर शराब ठिकाने के पैसे ठिकाने लगाने का आरोप है।

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को रायपुर सेंट्रल जेल पहुंचे, जहां उन्होंने शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की। मुलाकात के बाद बघेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को परेशान करने के उद्देश्य से कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी वह जेल में रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात कर चुके हैं।
रामगोपाल अग्रवाल पर कथित शराब घोटाले की रकम के प्रबंधन में भूमिका निभाने का आरोप है। हालांकि, उनका नाम प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की मुख्य चार्जशीट में शामिल नहीं था, बल्कि पूरक आरोपपत्र में उनका नाम दर्ज किया गया है। ईडी का दावा है कि छत्तीसगढ़ में करीब तीन हजार करोड़ रुपये के शराब घोटाले में अग्रवाल की अहम भूमिका रही। जांच एजेंसी के अनुसार, कथित सिंडिकेट ने अपराध से करीब तीन हजार करोड़ रुपये की कमाई की और इस रकम का बड़ा हिस्सा नकदी के रूप में तत्कालीन छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाया गया।
वहीं, बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने अग्रवाल की गिरफ्तारी को राजनीतिक कार्रवाई बताया है। उनके अनुसार, रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ कुल छह मामले दर्ज हैं, जिनमें से दो में उन्हें जमानत मिल चुकी है, जबकि चार मामले अभी लंबित हैं। इन चारों मामलों में जमानत मिलने के बाद ही उनकी रिहाई संभव हो सकेगी।
बचाव पक्ष का दावा है कि किसी भी प्राथमिकी में रामगोपाल अग्रवाल का नाम नहीं है और उन्हें एक अन्य आरोपी के बयान के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। वकील ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी में उनके पद के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। दूसरी ओर, ईडी का कहना है कि शराब घोटाले से अर्जित धनराशि का एक बड़ा हिस्सा अग्रवाल तक पहुंचाया गया था। मामले में जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।




