गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल का मोबाइल हैक, संदिग्ध संदेशों और पैसों की मांग से सतर्क रहने की अपील
गाजियाबाद नगर निगम की मेयर सुनीता दयाल का मोबाइल फोन साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया। इसकी जानकारी खुद मेयर सुनीता दयाल ने दी।

गाजियाबाद। साइबर अपराधियों ने गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल के मोबाइल फोन को निशाना बनाया है। महापौर ने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनके नाम से कोई संदिग्ध संदेश, गलत सूचना या पैसों से संबंधित अनुरोध मिलने पर उस पर भरोसा न करें और न ही कोई रकम भेजें।
सुनीता दयाल ने लोगों को आगाह किया कि उनके नाम से आने वाले संदेशों की पुष्टि किए बिना कोई कार्रवाई न करें। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक करने से भी बचने की सलाह दी है, ताकि किसी तरह की साइबर धोखाधड़ी से बचा जा सके।
इससे पहले सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के विधायक भूपेश चौबे का मोबाइल फोन भी हैक होने का मामला सामने आया था। उन्होंने भी लोगों को अपने वॉट्सऐप से आने वाले संदिग्ध संदेशों के प्रति सावधान रहने की अपील की थी और मामले की शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई थी।
साइबर अपराधी लोगों को लालच देने, सस्ते में महंगे सामान का प्रस्ताव भेजने और फर्जी संदेशों के जरिए ठगी करने के तरीके अपनाते हैं। ऐसे संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक करने या अनजान स्रोत से आई एपीके फाइल डाउनलोड करने से मोबाइल की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। विशेषज्ञों की सलाह है कि किसी भी अनजान लिंक या फाइल को खोलने से बचें और पैसों से जुड़े अनुरोध की पुष्टि संबंधित व्यक्ति से दूसरे विश्वसनीय माध्यम से जरूर करें।




