खखरेरू में भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा नगर

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगलवार को खखरेरू नगर क्षेत्र में भव्य बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा नगर देशभक्ति के रंग में नजर आया और वीर शहीदों के सम्मान में लगाए गए नारों से वातावरण गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नगर के आंबेडकर नगर स्थित पनिहा बाबा से मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने किया। कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले नगर चेयरमैन ज्ञान चन्द्र केसरवानी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य मंत्री का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इसके बाद राज्य मंत्री ने तिरंगा दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
डीजे की देशभक्ति धुनों के बीच कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर बाइक से यात्रा शुरू की। कार्यकर्ता भारत माता की जय, वंदे मातरम् और वीर शहीदों के सम्मान में नारे लगाते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। तिरंगा यात्रा पनिहा बाबा से शुरू होकर रक्षपालपुर होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से होकर कटरा तिराहा पहुंची। रास्ते में लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता और अखंडता तथा नागरिकों के कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान में भागीदारी करने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट करने की अपील की।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि तिरंगा देश की अखंडता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान देश के वीर शहीदों के बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाए।
नगर चेयरमैन ज्ञान चन्द्र केसरवानी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, गौरव और सम्मान से जुड़ा हुआ है। तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान लोगों को राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त करने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।
मंडल प्रभारी अपर्णा सिंह गौतम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इसमें शामिल करने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत सदस्य हिमांशु त्रिपाठी, रामप्रताप सिंह गौतम, मंडल अध्यक्ष गया पाल, गुड्डू केशरवानी, संदीप गुप्ता सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नगर के सभी वार्डों के सभासदों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बाइक यात्रा में भाग लिया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के कारण नगर में यात्रा को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button