मुंबई की गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा की अनुमति देने से हाईकोर्ट का इनकार

मुंबई की गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा आयोजित करने की मांग को बॉम्बे हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है। फैसले से आयोजकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब उनके सामने कम समय में वैकल्पिक जगह तलाशने की चुनौती है।

मुंबई,एजेंसी। मुंबई की गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा आयोजित करने की अनुमति मांग रहे आयोजकों को बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। अदालत ने समुद्र तट पर पूजा के लिए मंच और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। ‘मिथिला छठ पूजा संघ’ ने 15 और 16 नवंबर को गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा आयोजित करने की अनुमति मांगी थी। आयोजकों ने वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग भी की, लेकिन अदालत ने इस संबंध में कोई निर्देश जारी नहीं किया। पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता कानून के तहत उपलब्ध अन्य विकल्पों का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में आयोजन से पहले वैकल्पिक स्थल तलाशना आयोजकों के लिए चुनौती बन गया है।

इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अद्वैत एम. सेठना और न्यायमूर्ति रणजीतसिंह राजा भोंसले की पीठ ने की। अदालत ने टिप्पणी की कि संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार असीमित नहीं है। इस अधिकार का इस्तेमाल सार्वजनिक व्यवस्था, स्वास्थ्य और नैतिकता से जुड़ी संवैधानिक शर्तों के अधीन किया जा सकता है। पीठ ने कहा कि भारत विभिन्न धर्मों और आस्थाओं वाला देश है। संविधान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी पसंद के धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक आयोजन के लिए निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना भी आवश्यक है।

विवाद की शुरुआत तब हुई, जब डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन ने 17 सितंबर को आयोजकों को पत्र लिखकर बताया कि गिरगांव चौपाटी के प्रबंधन के लिए हाईकोर्ट की ओर से गठित हाई पावर कमेटी ने वहां होने वाले आयोजनों को लेकर प्रतिबंध निर्धारित किए हैं। कमेटी ने गणेशोत्सव, नवरात्रि, रामलीला, कृष्णलीला और क्रिसमस जैसे आयोजनों को अनुमति दी है, जबकि अन्य कार्यक्रमों के लिए संबंधित विभागों से मंजूरी लेना अनिवार्य बताया गया है। इसके बाद संघ ने 7 अक्टूबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को आवेदन देकर छठ पूजा की अनुमति मांगी थी। हालांकि, इस आवेदन पर अभी निर्णय लंबित है।

गौरतलब है कि छठ पर्व की शुरुआत 13 नवंबर से होगी। पहले दिन नहाय-खाय के साथ व्रती स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। 14 नवंबर को खरना होता है, जिसमें व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण करते हैं। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा। इस दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण कर अपना व्रत पूरा करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button