चमत्कारी इलाज, झाड़-फूंक के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
थाना रामनगर पुलिस की त्वरित कार्यवाही, 7.5 लाख के सोना-चाँदी के आभूषण व 3 लाख 61 हजार नगदी बरामद

सुमिता शर्मा,(अनूपपुर/मध्य प्रदेश)। अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में चमत्कारी इलाज और झाड़-फूंक के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने लकवा से पीड़ित व्यक्ति के परिवार को तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर लाखों रुपए के सोना-चांदी और नकदी ऐंठ ली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की है।
मामला रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बरतराई का है, जहां फरियादी लक्ष्मण सिंह पोरते के पिता को दो माह पहले लकवा हो गया था। इसी दौरान सत्या नाई ने परिवार का परिचय विश्वनाथ गिरी नामक कथित झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति से कराया। 25 दिसंबर 2025 को आरोपी दंपति फरियादी के घर पहुंचे और पूजा-पाठ व झाड़-फूंक का ढोंग रचकर घर में टोना-टोटका होने का भय दिखाया। अगले दिन ‘कलश’ निकालने के नाम पर 1 लाख 51 हजार रुपए नकद ले गए।
इसके बाद 8 जनवरी 2026 को आरोपी दोबारा पहुंचे और तंत्र-मंत्र से जान से मारने व फिर से लकवा मारने की धमकी देकर परिवार की महिलाओं से मंगलसूत्र, चांदी के आभूषण और 2 लाख 50 हजार रुपए नकद ले लिए। आरोपी मोटरसाइकिल क्रमांक CG15 CS 9050 से फरार हो गए। कुछ दिन बाद साहस जुटाकर पीड़ित परिवार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
रामनगर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दबिश दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 15 सोने के मंगलसूत्र लॉकेट (करीब 35 ग्राम), करीब 1 किलो चांदी के आभूषण, 3 लाख 61 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तंत्र-मंत्र की किताब और मृत जानवर की खोपड़ी बरामद की गई है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 319(2), 318(4), 308(5), 3(5) और औषधि एवं चमत्कारी उपचार अधिनियम की धारा 5, 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या चमत्कारी इलाज के नाम पर किसी भी व्यक्ति के बहकावे में आकर धन या आभूषण न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम थाना को दें।





