गाजियाबाद के लोनी में शादी से इनकार करने पर युवती की ईंट से प्रहार कर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर युवती की ईंट से प्रहार कर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पिंटू राजपूत और आर्यन कुमार को गिरफ्तार किया है।

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर एक युवती की कथित तौर पर ईंट से प्रहार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात 9 नवंबर को हुई थी। मृतका के परिजन की शिकायत पर पिंटू राजपूत और आर्यन कुमार के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने 10 नवंबर को कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान पिंटू राजपूत (33), निवासी ग्राम शेखपुर गवा, जिला बुलंदशहर और आर्यन कुमार (22), निवासी ग्राम उजाऊ, थाना अस्थावां, जिला नालंदा, बिहार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुख्य आरोपी पिंटू ने बताया कि उसकी करीब चार-पांच महीने पहले फेसबुक और फोन के माध्यम से युवती से दोस्ती हुई थी। वह गुजरात के अहमदाबाद स्थित श्रीपाल लिमिटेड कंपनी में काम करता था। तीन-चार दिन पहले वह युवती से मिलने लोनी बॉर्डर आया था और अपने दोस्त आर्यन के किराये के कमरे में ठहरा हुआ था।

पुलिस के अनुसार, पिंटू ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन उसने इनकार कर दिया। 9 नवंबर को युवती कमरे पर पहुंची, जहां शादी की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर ईंट से प्रहार कर युवती की हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकरण में लोनी बॉर्डर थाने में एक मुकदमा दर्ज है, जबकि आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button