कुलगाम में सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के नाके पर आतंकियों की फायरिंग, तीन जवान घायल
जम्मू कश्मीर के कुलगाम में बुधवार सुबह सीआरपीएफ पर आतंकियों ने हमला किया। हमले के बाद आतंकी भाग खड़े हुए। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। आतंकी हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान जख्मी हुए हैं।

श्रीनगर,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में मोटरसाइकिल सवार आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 46वीं बटालियन के नाके पर फायरिंग कर दी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। घायल जवानों को उपचार के लिए अनंतनाग जिला अस्पताल भेजा गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमला दोपहर करीब 2:15 बजे नोवपोरा अखरान इलाके में मीर बाजार के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए आतंकवादियों ने सीआरपीएफ के नाके को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन हमलावर मौके से भागने में सफल रहे। घटना के बाद इलाके में नाकेबंदी कर दी गई और हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षाबलों की कोशिश है कि हमलावरों को जिले से बाहर निकलने का मौका न मिले।
गौरतलब है कि दिवाली से पहले कुलगाम में सुरक्षाबलों को अलर्ट किया गया था। इससे पहले कुलगाम पुलिस ने दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार भी किया था। ताजा हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। हालांकि, हमले में शामिल आतंकियों की पहचान और उनकी संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।




