ज्योति नगर थाना क्षेत्र में हत्या का मामला सुलझा, तीन आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

उत्तर पूर्वी दिल्ली। दिल्ली के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में हुई एक नाबालिग की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि 17 वर्षीय इंतजार पुत्र बाबू अली, निवासी गली नंबर 6, कर्दमपुरी को अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इंतजार पर गली नंबर 4, कर्दमपुरी में तीन हमलावरों ने चाकू से हमला किया था।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, जिसके आधार पर ज्योति नगर थाने में एफआईआर संख्या 341/26 धारा 03(1)/351(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साक्ष्यों के आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों—अरमान (20 वर्ष), पुत्र नसीम अहमद, निवासी गली नंबर 10, न्यू कर्दमपुरी, और अल्फाइज (19 वर्ष), पुत्र मोहम्मद आरिफ, निवासी गली नंबर 2, शनि बाजार, कर्दमपुरी—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उनका मृतक से पुराना विवाद चल रहा था। आरोपी अरमान की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए गए।
इसके बाद फरार तीसरे आरोपी अमन खान (23 वर्ष), पुत्र कालू, निवासी शनि बाजार रोड, कर्दमपुरी को भी ज्योति नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button