वीरेन्द्र सचदेवा एवं रेखा गुप्ता ने केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के साथ पूर्वी दिल्ली के कार्यकर्ताओं के बीच प्रवास कर सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से बताया

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली सरकार के एक सफल वर्ष पूर्ण होने पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता विभिन्न लोकसभा में प्रवास कर लोगों से संवाद कर रहे हैं और साथ ही सरकार की उपलब्धियों के बारे में चर्चा कर उन्हें घर-घर पहुंचाने का आवाहन भी कर रहे हैं। प्रवास के आज तीसरे दिन वीरेन्द्र सचदेवा एवं श्रीमती रेखा गुप्ता क्षेत्रीय सांसद केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के साथ पूर्वी दिल्ली लोकसभा में जनता के बीच जाकर अपने एक वर्ष की उपलब्धियों और प्रस्तावित आगामी कार्यक्रमों के साथ पूर्वी दिल्ली लोकसभा में किए गए कार्यों पर विशेष रुप से पर चर्चा की।
आज के प्रवास कार्यक्रम में वीरेन्द्र सचदेवा एवं श्रीमती रेखा गुप्ता के साथ मंचासीन रहे क्षेत्रीय सांसद एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, यमुनापार विकास बोर्ड के अध्यक्ष सरदार अरविंदर सिंह लवली, प्रवास कार्यक्रम संयोजक श्री योगेन्द्र चांदोलिया, प्रदेश महामंत्री श्री विष्णु मित्तल, मयूर विहार जिला अध्यक्ष श्री विजेन्द्र धामा, शाहदरा जिलाध्यक्ष श्री दीपक गाबा, विधायक श्री अभय वर्मा, श्री ओम प्रकाश शर्मा, सरदार तरविन्दर सिंह मारवाह, श्री रविन्द्र सिंह नेगी, श्री रविकांत, डॉ अनिल गोयल, श्री संजय गोयल, जिला प्रभारी श्रीमती योगिता सिंह एवं डॉ अनिल गुप्ता, जिला सह प्रभारी नरेश वशिष्ठ एवं श्री किशन शर्मा और प्रदेश पदाधिकारी श्रीमती सारिका जैन, श्री नितिन त्यागी, भाजपा शाहदरा ज़िला प्रवक्ता ऐडवोकेट भारत गौड़ एवं जिला पदाधिकारी उपस्थिति थे।
पूर्वी दिल्ली सांसद एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में आयुष्मान कार्ड (10 लाख तक मुफ़्त इलाज़) बनाकर श्रीमती रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली के खासकर बुजुर्गों को एक प्राणवायु देने का काम किया है। पूर्वी दिल्ली लोकसभा भी उससे अछूता नहीं है। पूर्वी दिल्ली में 29 नए जन औषधी केन्द्र खोले गए तो 11 अटल कैंटीन पूर्वी दिल्ली लोकसभा में खोले जा चुके हैं।
उन्होंने श्रीमती रेखा गुप्ता सरकार को बधाई देते हुए कहा कि यमुनापार क्षेत्र विकास बोर्ड जो पिछली सरकार में ठप्प पड़ा हुआ था, उसमें 728 करोड़ रुपये की योजनाओं को पारित किया है। आज दिल्ली में तीन इंजन की सरकार है और लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। केन्द्र सरकार द्वारा आश्रम–बदरपुर कॉरिडोर (मथुरा रोड) का आधुनिकीकरण होना शुरु हो चुका है। कालिंदी कुंज सिग्नल-फ्री एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए भी विस्तृत परियोजना तैयार किए जा रहे हैं जिनमें कई फ्लाईओवर, यातायात पृथक्करण, सर्कुलर कनेक्टिविटी और डायरेक्शनल बाईपास का प्रस्ताव है।
श्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि डीएनडी–फरीदाबाद–सोहना कनेक्टिविटी कॉरिडोर, पंजाबी बाग–टिकरी बॉर्डर कॉरिडोर, महरौली–गुरुग्राम कॉरिडोर आदि से ना सिर्फ दिल्ली के जाम खत्म होंगे बल्कि ये सभी दिल्ली के प्रदूषण को कम करने का माध्यम भी बनेंगे।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार ने एक साल में जितने भी काम किए गए हैं, अब संगठन का दायित्व बनता है सरकार के कार्यों को घर-घर तक पहुंचाना। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने हमें सरकार और निगम दोनों जगह अपना आशीर्वाद दिया है कि इसलिए अब हमारे विधायक एवं निगम पार्षदों का दायित्व बनता है कि जनता की समस्याओं को लगातार सुने और उसके समाधान के लिए कार्य करें।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में रेखा गुप्ता सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना हमारे संगठन का मूल कर्तव्य है इसके लिए बूथ प्रमुख और खासकर पन्ना प्रमुख इसके मुख्य माध्यम है और उनकी जिम्मेदारी भी बड़ी है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 सालों में यमुना पार के क्षेत्रों को पूर्वरत की सरकारों ने अनदेखी की है इसलिए माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता को यमुनापार क्षेत्र विकास बोर्ड को 728 करोड़ रुपये देकर कई विकास कार्यों को पारित करने के लिए विशेष आभार।




