कानपुर में बिठूर सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो और दरिंदे गिरफ्तार

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर में वाराणसी की 16 वर्षीय किशोरी से बिठूर के लॉज में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दो अन्य आरोपियों नितेश दुबे उर्फ बिल्लू और निहाल सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया। तीसरा आरोपी लॉज मालिक का बेटा पदम तिवारी पहले ही जेल जा चुका है। वाराणसी के कैंट क्षेत्र की किशोरी मंगलवार रात अपने रिश्ते के भाई का पता खोज रही थी।
मंधना बाजार के पास लॉज के मालिक का बेटा बिरतियान गांव का पदम तिवारी मिला। किशोरी को रातभर रुकने के लिए कमरा देने का झांसा देकर साथ ले आया। लॉज मालिक के बेटे ने दोनों सााथियों के साथ मिलकर किशोरी से दुष्कर्म किया। सुबह पड़ोसी किरायेदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पदम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई।
पिता से मार्कशीट व दस्तावेज मंगवाए
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि एफआईआर में पीड़िता ने परिजनों के डर से दूसरा नाम लिखाया था। उससे पूछताछ हुई, तो उसने सही जानकारी दी। वह दिसंबर में पहले भी घर से लापता हो गई थी। कुछ ही दिन बाद लौट आई थी। माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों की डांट की वजह से मंडुवाडीह स्थित ननिहाल में रह रही थी। करीब पांच दिन पहले वहां से लखनऊ और फिर कानपुर आ गई। शुक्रवार को पीड़िता के मजिस्ट्रेटी बयान नहीं हो सके हैं। उसकी उम्र और अन्य जानकारी हासिल करने के लिए पिता से मार्कशीट व दस्तावेज मंगवाए गए हैं।
पुलिस अधिकारी किशोरी की मनोस्थिति जानने के लिए उसे चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट से दिखवाएंगे। चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट पीड़िता के मन की बात जानेंगीं। महिला पुलिस और मिशन शक्ति टीम की पूछताछ में उसने गोलमोल जवाब दिए हैं। पुलिस यह जानना चाह रही है कि आखिर क्या कारण है कि किशोरी अपने घर नहीं जाना चाह रही है। उसे बालिका गृह भेजा गया है। वह वहां रहने के लिए तैयार है। माता पिता से बात भी नहीं करना चाह रही है। पुलिस अधिकारियों ने अंदेशा जताया है कि आरोपियों ने धमकी तो नहीं दी है।
पुलिस ने आरपीएफ से सेंट्रल स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज मांगे हैं। किशोरी किस समय और कौन सी ट्रेन से आई है इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। उसके साथ कोई और तो नहीं था इसका भी पता लगाया जाएगा। सेंट्रल पर किशोरी को रुपये और मोबाइल नंबर देने वाले युवक से पूछताछ हो चुकी है। उसने मदद के लिए रुपये देने की बात स्वीकारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button