कानपुर में बीकॉम के छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार

39 सेकेंड में मारे थे 22 थप्पड़

कानपुर/उत्तर प्रदेश। काकादेव में सोमवार रात बीकॉम छात्र से मारपीट करने वाले बीएससी छात्र समेत आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फायरिंग करने वाले आरोपित युवक का अभी कोई सुराग नहीं लगा है उसकी तलाश में दो टीमें लगी हुई है।
मंगलवार को घटना के दो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हुए थे। जिसमें 39 सेकेंड में आधा दर्जन से अधिक युवकों ने बीकॉम छात्र को एक के बाद एक 22 थप्पड़ और घूंसे मारे थे। वहीं 8 मिनट 29 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग करते हुए एक युवक कैद हुआ था। पकड़े जाने के बाद आरोपित कान पकड़कर भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की गुहार लगाते रहे।
गीतानगर निवासी बीकॉम छात्र अमन सोनकर ने बताया कि सोमवार रात वह अपने दोस्तों के साथ पांडु नगर स्थित मानस मंच पार्क के पास चाय पीने के लिए गया था। तभी पार्क के पास ही स्थित गली में कुछ युवक शराब पी रहे थे। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने उनके साथ गाली–गलौज की, विरोध करने पर तमंचे से हवाई फायरिंग करते हुए दौड़ा लिया।
अमन ने बताया था कि जान बचाकर वह पांडु नगर स्थित सिल्वर स्पून रेस्टोरेंट के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए दबंगों ने उसे घेर लिया और लात घूंसों से जमकर पीटा। शोर सुनकर रेस्टोरेंट से कर्मचारी बाहर आए तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले थे। इलाकाई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद काकादेव थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि थाना प्रभारी राजेश कुमार शर्मा और उनकी टीम ने प्रचलित वीडियो फुटेज के आधार पर पुरानी बस्ती काकादेव निवासी नजमी आलम, बीएससी की पढ़ाई कर रहे छात्र हर्षित तिवारी, रानीगंज निवासी इंटीरियर डिजाइनर विशाल यादव, जयप्रकाश नगर एम-ब्लॉक निवासी कृष्णा पांडेय, काकादेव चंदेल चौराहा निवासी प्राइवेट कंपनी में जाब करने वाले डेविड सिंह उर्फ लकी, मूलरूप से हमीरपुर जनपद के मुस्कुरा हमीरपुर व वर्तमान में अशोक वाटिका केशवपुरम निवासी रहकर होटल लिटिल शेफ में गार्ड की नौकरी करने वाले दीपक सिंह व एम-ब्लाक निवासी पेंटिंग का काम करने वाले आरुष को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि सीसी फुटेज में एक युवक तमंचे से फायरिंग करते हुए दिख रहा है, जिसकी पहचान केशवपुरम निवासी त्रिलोक के रूप में हुई है, आरोपित के घर दबिश दी गई थी, लेकिन वह फरार हो गया। उसकी तलाश में दो टीमें लगी है जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

Kanpur Student Assault: Firing Accused Escapes, 7 Arrested Including BSC  Student

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button