रेलिंग गिरने से घायल मासूम ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, महिला का सिर धड़ से हो गया था अलग
The innocent child injured due to the falling of railing died during treatment, the woman's head was separated from the body

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के ओमिक्रोन-3 स्थित मिग्सन अल्टीमो सोसायटी में बुधवार रात तेज आंधी तूफान के दौरान एक फ्लैट की रेलिंग अचानक नीचे गिरने से उसकी चपेट में 50 वर्षीय महिला के बाद उसके दो वर्षीय नाती की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। सूरजपुर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मृतका सुनीता (50) अपने दामाद जितेंद्र के फ्लैट नंबर-603 मिगसन अल्टीमो ओमिक्रोन-3 में आई हुई थीं। बुधवार रात करीब आठ बजे तेज आंधी तूफान के समय सुनीता अपनी बेटी और दो वर्षीय नाती अदवित्य शोर्या के साथ सोसायटी परिसर में टहल रही थीं। उसी दौरान ऊपरी मंजिल से रेलिंग का जाल आकर उनके ऊपर गिर गया। रेलिंग गिरने की चपेट में आने से सुनीता का सिर धड़ से अलग हो गया।
इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में नाती भी घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल उनके दो वर्षीय नाती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया था। जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। सूरजपुर कोतवाली पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को रात में 112 नंबर पर मिली थी। जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। परिजन तहरीर देंगे तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों में डर का माहौल है। निवासियों ने सुरक्षा मानकों और भवन निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए हैं।



