सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जिला कारागार का किया निरीक्षण
बंदियों को मिल रही विधिक सहायता, चिकित्सा एवं भोजन व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गौतमबुद्धनगर/उत्तर प्रदेश। गौतमबुद्धनगर जिला कारागार का निरीक्षण उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर के निर्देशों के अनुपालन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान जेलर संजय साही ने बताया कि वर्तमान में जिला कारागार में 2514 बंदी निरुद्ध हैं। सचिव ने पुरुष बैरकों में उपस्थित बंदियों से उनके मुकदमों के संबंध में जानकारी ली और बंदियों से संबंधित कार्डों का अवलोकन किया। विधिक सहायता और अधिवक्ताओं की उपलब्धता के बारे में पूछने पर बंदियों ने बताया कि सभी को निजी अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से अधिवक्ता उपलब्ध हैं। बंदियों से संबंधित कार्डों को अपडेट किए जाने के संबंध में जेल अधीक्षक को निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिला कारागार में स्थापित अस्पताल का निरीक्षण किया गया, जहां भर्ती बंदियों से मुकदमों और चिकित्सीय सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। कारागार की पाकशाला का भी निरीक्षण किया गया, जहां बंदी अन्य बंदियों के लिए भोजन तैयार करते हुए पाए गए। भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया और पाकशाला में स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में जेलर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।




