कश्मीर में नामी फाउंडेशन वर्ल्ड स्कूल बडगाम की मान्यता की रद्द, विभाग ने बताया अराजक और विद्रोही

श्रीनगर/एजेंसी। स्कूल शिक्षा विभाग कश्मीर (डीएसईके) ने एक प्राइवेट स्कूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग के निदेशक ने शनिवार को बडगाम में एक निजी स्कूल की मान्यता रद्द कर दी है। स्कूल पर सक्षम अधिकारियों के आदेशों का सहयोग और कार्यान्वयन नहीं करने के लिए कार्रवाई की गई है। बडगाम के मम्मत में जिस स्कूल की मान्यता रद्द की गई है, वह यहां का प्रसिद्ध फाउंडेशन वर्ल्ड स्कूल है। इसे 23 नवंबर 2021 को ही मान्यता मिली थी। दरअसल स्कूल के खिलाफ एक शिकायत पर जांच करने के लिए शिक्षा अधिकारियों की टीम वहां पहुंची थी। स्कूल प्रबंधन ने टीम को साढ़े सात घंटे तक बाहर बैठाकर रखा, जिसके बाद अफसर भड़क गए और स्कूल के खिलाफ वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। डीओई (डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन) की ओर से जारी आदेश में लिखा है, ‘मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) बडगाम को स्कूल के खिलाफ शिकायतें मिली थीं। शिकायतों की जांच के लिए एक कमिटी गठित की गई थी। आरोपों की जांच के लिए समिति 24 फरवरी को स्कूल पहुंची थी।
आदेश में आगे लिखा है, ‘स्कूल प्रबंधन ने जांच समिति को सुबह 10 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक स्कूल के बाहर इंतजार करवाया। समिती में सीईओ भी शामिल थे। बार-बार स्कूल के अंदर प्रबंधन को मेसेज भेजने के बाद भी स्कूल प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।’ सीईओ ने बताया कि संबंधित स्कूल प्रबंधन से जो दस्तावेज मांगे गए, उन्होंने बिना मुहर और हस्ताक्षर के ही समिति को दिए। यह मानकों के अनुरूप नहीं है, प्रबंधन के इस रवैये के कारण समिति स्कूल प्रबंधन पर लगे आरोपों की सच्चाई का पता नहीं लगा पाई। समिति ने स्कूल प्रशासन को सुझाव पत्र भेजा और उस पर विचार करने को कहा गया। स्कूल प्रबंधन ने इसे भी गंभीरता से नहीं लिया। स्कूल के आधिकारिक व्यवसाय के लिए कभी भी विभागीय प्रतिनिधि शामिल नहीं हुए। आगे कहा गया कि अकसर देखा गया है कि फाउंडेशन वर्ल्ड स्कूल, ममत, बडगाम का प्रबंधन समय-समय पर सक्षम अधिकारियों के जारी निर्देशों को लागू नहीं करता है, इस प्रकार स्कूल प्रबंधन के अराजकतावादी और विद्रोही रवैये को दर्शाता है।
आदेश में कहा गया है, ‘फाउंडेशन वर्ल्ड स्कूल ममत, बडगाम के प्रबंधन का अपराधी रवैया अत्यधिक आपत्तिजनक है और हस्ताक्षरकर्ता ने इसे गंभीरता से लिया है। स्कूल अधिकारियों के लगातार अपराध के लिए संस्थान के खिलाफ तत्काल कार्रवाई शुरू करने की आवश्यकता है। मानदंडों के अनुसार स्कूल की मान्यता रद्द की जाती है।




