जम्मू-कश्मीर में फिर एवलांच का खतरा, दो जिलों के लिए अलर्ट; पर्यटकों के लिए भी एडवाइजरी जारी

श्रीनगर/एजेंसी। श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर शुक्रवार को भीषण हिमस्खलन हुआ, इसमें सात लोगों की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर में फिर एवलांच की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के दो जिलों के लिए शनिवार को हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई और लोगों से अत्यधिक सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बांदीपोरा और गांदरबल में 2400 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर अगले 24 घंटों के भीतर मध्यम खतरे के स्तर का हिमस्खलन होने की आशंका है। जारी सलाह में कहा गया कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सख्त हिदायत दी जाती है कि वे हिमस्खलन की आशंका वाले इलाकों, जिनमें ढलान, पहाड़ी इलाके और ऊंचे स्थान शामिल हैं, में तब तक न जाएं जब तक अधिकारियों द्वारा आगे के आदेश जारी न किए जाएं।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और खानाबदोश समुदायों से सुरक्षा के लिए आधिकारिक सलाह का पालन करने और प्रशासन के साथ सहयोग करने को कहा गया है। बता दें कि शुक्रवार को गांदरबल ज़िले के ज़ोजिला दर्रे पर कई हिमस्खलन हुए, जिसमें कई वाहन फंस गए और सात लोगों की मौत हो गई। श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित यह दर्रा कश्मीर घाटी को लद्दाख से जोड़ता है।
हिमस्खलन के चलते श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग भी यातायात के लिए बंद हो गया है। सीमा सड़क संगठन के अधिकारी अपने दल बल संग सड़क से बर्फ हटा उसे यातायात योग्य बनाने में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने सड़क के साफ होने तक श्रीनगर- लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनमर्ग-द्रास के बीच वाहनों की आवाजाही को रोक दिया है।
सोनमर्ग में भी हुआ एवलांच
इससे पहले 26 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग के सरबल इलाके में एक भीषण हिमस्खलन हुआ है, जिसमें कई घर और वाहन शक्तिशाली हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे। हालांकि, बर्फ के इस तूफान में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं थी। हालांकि, हिमस्खलन का जो वीडियो सामने आया है, उससे नुकसान का अनुमान लगाया जा सकता था।




