32 दिन में 1600 किमी, बूढ़ा अमरनाथ से दौड़ते हुए अयोध्‍या पहुंचे पर्वतारोही नरेंद्र सिंह

अयोध्‍या,(उत्तर प्रदेश)। भव्‍य राम मंदिर के निर्माण के साथ ही रामभक्त अपनी विचित्र शैली से लोगों का ध्‍यान खींच रहे हैं। इन्हीं में से एक हैं हरियाणा के पर्वतारोही नरेंद्र सिंह। इन्‍होंने बाबा बूढ़ा अमरनाथ पुंछ से श्री राम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या तक की यात्रा पैदल दौड़ दौड़ कर पूरी की है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भी उनकी कठिन यात्रा और राम लला के प्रति अटूट आस्था देख कर प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके। उन्होंने इस रामभक्त को आशीर्वाद दिया और अपने ट्विटर हैंडल पर इनके प्रभु राम के प्रति अटूट अनुराग और लंबी पदयात्रा को लेकर जानकारी शेयर की।
चंपत राय के मुताबिक, उत्साही नवयुवक नरेंद्र सिंह ने 1600 किलोमीटर की लंबी यात्रा 32 दिनों में दौड़-दौड़ कर पूरी की। अब वह अयोध्या पहुंचे हैं। वे रोजाना 50 किमी की दूरी तय करते थे। नरेंद्र ने पूरी कार्ययोजना तैयार कर यह यात्रा शुरू की थी। उन्होंने अपनी इस अनूठी यात्रा का नाम दिया है ‘रन फार राम ‘। अयोध्या पहुंचने पर विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने उन्हें केसरिया पटका ओढ़ा कर अभिनंदन किया।
नरेंद्र सिंह ने इससे पहले रामेश्‍वरम से अयोध्‍या तक 2931 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर चुके हैं। गत 3 जून को उन्‍होंने बूढ़ा अमरनाथ से रन फॉर राम अल्‍ट्रा मैराथन की शुरुआत की थी। उनके साथ विश्‍व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी थे। सात राज्‍यों से होकर गुजरी इस यात्रा ने 1600 किलोमीटर का सफर तय किया। आपको बता दें कि नरेंद्र सिंह माउंटेन रिंग में वर्ल्‍ड किंग की उपाधि, पांच महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटी फतह कर 18 विश्‍व रेकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button