‘मिर्जापुर’ के कालीन भैया और मुन्ना त्रिपाठी पहुंचे कश्मीर,पंकज त्रिपाठी बोले कश्मीर में कहानियों और प्रतिभाओं की कमी नहीं
पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु ने श्रीनगर में कहा कि कश्मीर में स्थानीय कहानियों, संस्कृति और युवा प्रतिभाओं को बड़े पर्दे पर लाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने जोर दिया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और बेहतर बुनियादी ढांचा क्षेत्रीय सिनेमा को नई उड़ान दे सकता है।

श्रीनगर/एजेंसी। कश्मीर की खूबसूरत वादियां लंबे समय से फिल्मकारों को आकर्षित करती रही हैं, लेकिन अब कश्मीर को केवल फिल्मों के गीतों और प्राकृतिक दृश्यों तक सीमित रखने के बजाय यहां के लोगों, संस्कृति, खान-पान, परंपराओं और जमीनी कहानियों को भी बड़े पर्दे पर लाने की जरूरत है। अभिनेता पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु ने जम्मू-कश्मीर में क्षेत्रीय सिनेमा की अपार संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि घाटी में कहानियों और प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मंच और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है।
एसकेआईसीसी श्रीनगर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव जम्मू-कश्मीर के दूसरे दिन मीडिया से बातचीत में ‘मिर्जापुर’ के कालीन भइया और मुन्ना त्रिपाठी जैसे चर्चित किरदारों से लोकप्रिय हुए दोनों कलाकारों ने कश्मीर में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि यहां आकर स्थानीय लोगों से मिलना और कश्मीरी खान-पान का आनंद लेना बेहद सुखद अनुभव रहा। दोनों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में कश्मीर में और अधिक फिल्मों की शूटिंग होगी।
पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सिनेमा का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। रंगमंच और ओटीटी मंचों के विस्तार के साथ फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नए अवसर पैदा हो रहे हैं। इसका सबसे बड़ा लाभ क्षेत्र के युवा कलाकारों, लेखकों, तकनीशियनों और फिल्म निर्माण से जुड़े अन्य लोगों को मिल सकता है।
कश्मीर में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर दोनों कलाकारों ने कहा कि यहां की प्राकृतिक सुंदरता बेमिसाल है, लेकिन कहानी कहने के लिए इससे कहीं अधिक सामग्री मौजूद है। डल झील और घाटी के प्राकृतिक नजारों के साथ यहां के लोगों का जीवन, संस्कृति, खान-पान और स्थानीय परंपराएं भी सिनेमा के लिए बेहद समृद्ध विषय हैं।
उन्होंने कहा कि कश्मीर का हिंदी फिल्म उद्योग से पुराना रिश्ता रहा है। अतीत में फिल्मकार मुख्य रूप से गीतों और प्राकृतिक दृश्यों की शूटिंग के लिए यहां पहुंचते थे। अब समय आ गया है कि कश्मीर की जमीनी और वास्तविक कहानियों को भी देश के दर्शकों तक पहुंचाया जाए।
दोनों अभिनेताओं ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में फिल्म निर्माण से जुड़ा बुनियादी ढांचा मजबूत किया जाता है तो यह क्षेत्र देश के प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्रों में शामिल हो सकता है। स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देकर यहां की अपनी कहानियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।
फिल्म महोत्सव में हिस्सा ले रहे विद्यार्थियों और सिनेमा में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं को दोनों अभिनेताओं ने ऐसे आयोजनों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि फिल्म महोत्सव और विशेष प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से युवाओं को अनुभवी कलाकारों और फिल्मकारों से सीधे सीखने का अवसर मिलता है। फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को समझने के साथ-साथ पेशेवर अनुभव भी नई पीढ़ी के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।



