चीन में भी ‘हैप्पी दीवाली’, शंघाई में हुआ भव्य जश्न का आयोजन, तस्वीर आई सामने

शंघाई। दीवाली का त्योहार पूरे देश में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। मगर, इस बार दीवाली पर चीन का शंघाई भी जगमगा उठा है। शंघाई में दीवाली की रौनक देखने को मिली, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी सामने आईं हैं।
दीवाली बुराई पर अच्छाई की जीत का त्योहार है। इस पर्व को पूरा देश एकजुट होकर मनाता है। दीयों से घरों को रौशन करने से लेकर गणेश-लक्ष्मी की पूजा करने और मिठाइयां बांटकर लोग दीवाली के जश्न में चार चांद लगा देते हैं।
चीन के शंघाई में भी भारतीय दूतावास ने दीवाली का जश्न बड़े धूमधाम से मनाया है। इस भव्य समारोह का आयोजन महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर की अगवाई में किया गया। 800 से ज्यादा लोगों ने इस समारोह में हिस्सा लिया। इनमें न सिर्फ भारतीय नागरिक बल्कि कई चीनी और विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
शंघाई में आयोजित इस समारोह की शुरुआत लक्ष्मी पूजन से हुई। इसके बाद कई रंगारंग कार्यक्रम भी देखने को मिले, जिनमें भारतीय संस्कृति और परंपरा की झलक देखी जा सकती थी। इस समारोह में शिरकत करने पहुंचे मेहमानों को भारतीय व्यंजन परोसे गए। लजीज और स्वादिष्ट पकवानों ने इस कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। अब आलम यह है कि शंघाई में दीवाली सेलिब्रेशन की तस्वीरें इंटरनेट पर जमकर सुर्खियां बटोर रहीं हैं।




