भटक रही यूक्रेन की एलिना, कोरोना से बचाने पर दे बैठी थी दिल

मुजफ्फरनगर,(उत्तर प्रदेश)। मुजफ्फरनगर के बरूकी गांव में पहुंची यूक्रेन की युवती एलिना काफी समय से बिजनौर के गांव सहसुवाला में रह रही है। एलिना जिस युवक को तलाश रही है, उसके परिजनों का कहना है कि युवक इस युवती की प्रताड़ना से तंग आकर घर छोड़कर चला गया है। प्रेमी को तलाशते हुए मुजफ्फरनगर के गांव बरूकी पहुंची एलिना ने आरोप लगाया था कि उसका प्रेमी उसके साथ ठगी कर फरार हो गया है। वह उसकी तलाश कर रही है।
दरअसल, एलिना काफी समय से बिजनौर जिले के गांव बरूकी के पास स्थित गांव सहसुवाला में कुलदीप के साथ रह रही है। युवक की मां ने बताया कि वह हरिद्वार में रहता था, वहीं उसकी मुलाकात यूक्रेन की एलिना से हुई थी। एलिना कोरोना की चपेट में आ गई थी। कुलदीप ने उसकी सहायता की तो दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं।
बताया गया कि एक साल पहले एलिना कुलदीप के साथ सहसुवाला आई थी। कुछ समय यहां रहकर हरिद्वार चली गई। कुलदीप की मां ने बताया कि युवती दोबारा होली से पहले गांव आ गई। तब से वह यहीं रह रही हैं।
परिजनों ने बताया कि वह कुलदीप को प्रताड़ित करती थी। कई बार वह उससे मारपीट कर चुकी है। यदि कुलदीप कुछ कहता तो वह पुलिस में शिकायत कर देती और पुलिस भी कुलदीप को परेशान करती। एलिना की प्रताड़ना से तंग आकर कुलदीप घर छोड़कर कहीं चला गया है। अब एलिना उसे तलाशती घूम रही है। एलिना रविवार रात घर आई थी। घर का ताला बंद था तो उसने ताला तोड़ दिया। सोमवार सुबह लगभग 11 बजे वह स्कूटी लेकर फिर कहीं चली गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button