आजमगढ़ में पेड़ काटने की अनुमति के नाम पर रिश्वत लेते डीएफओ कार्यालय का स्टेनो गिरफ्तार

आजमगढ़ में डीएफओ कार्यालय के स्टेनो कपिलदेव यादव को पेड़ काटने की अनुमति के नाम पर 7,500 रुपये रिश्वत लेते एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। पेड़ काटने की अनुमति दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में डीएफओ कार्यालय के स्टेनो कपिलदेव यादव को एंटी करप्शन टीम ने साढ़े सात हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को संबंधित थाने ले जाकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर थाना क्षेत्र निवासी मनोज विश्वकर्मा ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद डीएफओ कार्यालय में तैनात स्टेनो फाइल आगे बढ़ाने के लिए साढ़े सात हजार रुपये की मांग कर रहा है।
शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने डीएफओ कार्यालय के गेट के पास आरोपी को जैसे ही रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से मौजूद टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तार आरोपी कपिलदेव यादव सिधारी थाना क्षेत्र का निवासी है और वर्ष 2001 से वन विभाग में कार्यरत है। एंटी करप्शन टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button