दिल्ली बीजेपी के नए अध्यक्ष बने हर्ष मल्होत्रा, बीजेपी के दिग्गज नेताओं में होती है गिनती

दिल्ली बीजेपी के नए अध्यक्ष का ऐलान हो गया है। हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली बीजेपी की कमान सौंपी गई है। हर्ष मल्होत्रा की गिनती बीजेपी के दिग्गज नेताओं में होती है। अभी वो पूर्व दिल्ली से बीजेपी सांसद और मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन के तहत केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा की गई इस नियुक्ति के बाद पार्टी मुख्यालय में एक सादे किंतु प्रभावी समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने उन्हें पदभार सौंपा।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, संगठन महामंत्री पवन राणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन, विजय गोयल, सतीश उपाध्याय, सांसद मनोज तिवारी, आदेश गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नेता, मंत्री और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इसे उत्साहपूर्ण बना दिया।
नवनियुक्त अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने जिम्मेदारी संभालते हुए कहा कि भाजपा में दायित्व 400 मीटर की रिले दौड़ की तरह होते हैं, जहां एक कार्यकर्ता दूसरे को जिम्मेदारी सौंपता है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से दिल्ली में संगठन को और मजबूत करेंगे तथा सरकार के कार्यों को नई गति देंगे। उन्होंने अपनी नियुक्ति पर राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विश्वास जताया कि हर्ष मल्होत्रा, वीरेन्द्र सचदेवा की तरह ही कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को एक परिवार के रूप में आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि सचदेवा के नेतृत्व में पार्टी ने नई ऊंचाइयों को छुआ और 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने का ऐतिहासिक क्षण आया।
निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि हर्ष मल्होत्रा के पास प्रशासनिक और संगठनात्मक दोनों तरह का व्यापक अनुभव है, जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में दिल्ली भाजपा नई ऊंचाइयों को छुएगी।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों और पदाधिकारियों ने भी हर्ष मल्होत्रा का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। पार्टी ने इसे संगठनात्मक परंपराओं के अनुरूप सहज और अनुशासित नेतृत्व परिवर्तन बताया है।
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा पहले भी संगठन में कई पदों पर काम कर चुके हैं। पूर्वी दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी के सांसद हर्ष मल्होत्रा केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। वह वर्तमान में कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय और सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में राज्यमंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
पूर्वी दिल्ली से जब क्रिकेटर से नेता बने गौतम गंभीर ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया, तो भाजपा ने हर्ष मल्होत्रा को उम्मीदवार बनाया था। हर्ष मल्होत्रा ने इस सीट पर जीत दर्ज की और केंद्र सरकार में राज्यमंत्री हैं। राजनीतिक जीवन के साथ-साथ हर्ष मल्होत्रा सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे हैं।
हर्ष मल्होत्रा ‘दधीची देह दान समिति’ के अध्यक्ष हैं, जो पिछले 27 वर्षों से दिल्ली-एनसीआर में अंगदान और देहदान को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है। हर्ष मल्होत्रा की विशेष रुचि पर्यावरण, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में है। उन्होंने सामाजिक कल्याण से जुड़े कई कार्यक्रमों में भी भागीदारी निभाई है। उन्हें किताबें पढ़ने और खेलों का शौक है। खेलों में बैडमिंटन, क्रिकेट और तैराकी उनकी पसंदीदा गतिविधियों में शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button