बाइक है या मिनी बस! मोटरसाइकिल पर 7 लोगों को देख पुलिसवालों ने जोड़े हाथ, काटा सात हजार रुपये का चालान

हापुड़/उत्तर प्रदेश। हापुड़ जिले में सड़क पर ट्रैफिक पुलिस चेकिंग में जो नजारा दिखा, उसने सबको चौंका दिया। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में मंगलवार को एक बाइक पर ऐसे यात्री सवार थे कि देखने वाले भी हैरान रह गए। एक युवक और उसके साथ छह बच्चे बाइक पर सवार थे। बाइक पर मानो पूरा परिवार लदकर निकला था। पुलिसकर्मी ने जब बाइक रोकी, तो पहले तो सिर पकड़ लिया, फिर मुस्कुराते हुए दोनों हाथ जोड़कर बोला, भाई साहब, यह बाइक है, मिनी बस नहीं।
दरअसल, गढ़मुक्तेश्वर के पलवाड़ा चेक पोस्ट पर सुबह पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी दूर से एक हिलती-डुलती बाइक आती दिखी। पास आने पर जो दिखा, उसने सबका ध्यान खींच लिया। एक युवक छह नाबालिग बच्चों को एक ही बाइक पर बिठाकर ला रहा था। किसी के सिर पर हेलमेट नहीं था। बच्चों को किसी तरह समेटकर बैठा रखा था। पुलिसकर्मी खुद को रोक नहीं पाए और बाइक रखवाते ही बोले, आपकी हिम्मत को सलाम, मगर सड़क सुरक्षा का भी ध्यान रखिए जनाब।
इस दौरान पुलिसकर्मी का अंदाज कुछ अलग और हल्का-फुल्का था। उन्होंने पहले चालक को समझाया कि आप तो खुद की जान और बच्चों की जान दोनों दांव पर लगा रहे हैं। आसपास मौजूद लोग यह नजारा देखकर मुस्कुरा भी रहे थे और हैरान भी हो रहे थे। किसी ने वीडियो बनाया तो किसी ने फोटो खींचे। कुछ ही घंटें में तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
नसीहत के बाद ट्रैफिक पुलिस ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले इस बाइक चालक का सात हजार रुपये का चालान काट दिया। साथ ही चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा से कोई मजाक नहीं और अगली बार ऐसी हरकत महंगी पड़ सकती है। वायरल तस्वीर अब एक सख्त चेतावनी की तरह घूम रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button