डेढ़ साल में चोरी हुए 983 मोबाइल फोन, 111 बरामद किए गए, खिल उठे लोगों के चेहरे

गाजियाबाद। सर्विलांस टीम ने डेढ़ साल में (एक जनवरी 2021 से 30 जुलाई 2022) गुम व चोरी हुए 983 मोबाइल फोन में से 111 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। इनकी कीमत करीब 25 लाख बताई गई है। पुलिस ने इनमें से 30 मोबाइल फोन के मालिकों से संपर्क कर प्रेस वार्ता के दौरान उन्हें लौटा दिया। गुम व चोरी हुए मोबाइल फोन की मिलने की उम्मीद छोड़े बैठे लोगों को जब मोबाइल फोन मिला तो उनके चेहरे खिल उठे। एसपी क्राइम डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि सर्विलांस टीम की कड़ी मेहनत से एक-एक फोन को ट्रैस करके बरामद किया है।
सभी मोबाइल फोन दिल्ली एनसीआर समेत आसपास के जिलों से बरामद किए गए हैं। यह टीम का सराहनीय कार्य है। अक्सर लोग भी मोबाइल फोन चोरी व गुम होने पर उम्मीद छोड़ देते हैं लेकिन उन्हें जब मोबाइल फोन वापस मिले तो वह काफी उत्साहित थे। एसपी क्राइम ने बताया कि इनमें गाजियाबाद, दिल्ली, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ के लोग भी शामिल थे। सभी मोबाइल फोन मालिकों से संपर्क करके उनका फोन वापस करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य मोबाइल फोन को भी ट्रैस करने के लिए टीमें लगी हैं। जल्द ही उन्हें भी ट्रेस कर लिया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि यह मोबाइल फोन उन लोगों से बरामद किए गए हैं। जिनमें से कुछ लोगों ने दुकानों से मोबाइल खरीदे तो किसी ने अपने परिचित व दोस्तों से खरीदें हैं। इनमें उन दुकान व लोगों की जांच की जा रही हैं। उन दुकानदारों ने किस आधार पर बिना बिल के मोबाइल फोन खरीदा है। उनकी मिलीभगत होने पर उन पर कार्रवाई की जाएगी।




