गढ़चिरौली के आश्रम स्कूल हॉस्टल में सांप के काटने से तीन छात्राओं की मौत, एक की हालत गंभीर
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में एक आश्रम स्कूल के हॉस्टल में सांप के काटने से तीन छात्राओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।

गढ़चिरौली/महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक सरकारी सहायता प्राप्त आश्रम स्कूल के हॉस्टल में सोमवार तड़के सांप के काटने से तीन छात्राओं की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना में कुल छह छात्राएं प्रभावित हुई हैं, जिनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, जप्तलाई गांव स्थित प्राथमिक-सेकेंडरी आवासीय स्कूल के हॉस्टल में सो रही छह छात्राओं को सांप ने काट लिया। शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर सभी को पहले नजदीकी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गढ़चिरौली जिला सामान्य अस्पताल रेफर किया गया।
उपचार के दौरान आठ, बारह और चौदह वर्ष की तीन छात्राओं की मौत हो गई। अन्य तीन छात्राओं का इलाज जारी है, जिनमें से एक की हालत बिगड़ने पर जिला प्रशासन और पुलिस की मदद से उसे बेहतर उपचार के लिए नागपुर के जीएमसी अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया।
घटना के बाद मृतक छात्राओं के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और घटना के बाद की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़चिरौली जिले के प्रभारी मंत्री आशीष जायसवाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन शेष छात्राओं के बेहतर इलाज के लिए प्रयासरत है। मामले की जांच की जा रही है।




