24 घंटों से कुएं में फंसे बच्चे को 15 मिनट में निकाल लाए लंगूर, नाकामयाब रहा वन विभाग

यूपी के कानपुर में एक करिश्मा उस वक्त देखने को मिला, जब कुएं में गिरे लंगूर के बच्चे को निकालने में वन विभाग नाकामयाब रहा, लेकिन लंगूरों का झुंड 15 मिनट के भीतर निकाल लाया।

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 60 फीट गहरे सूखे कुएं में गिरे लंगूर के बच्चे को इंसानी प्रयासों के असफल रहने के बाद लंगूरों के झुंड ने महज 15 मिनट में सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना साढ़ थाना क्षेत्र के भीतरगांव कस्बे की है। यहां मोबाइल टावर के पास स्थित एक गहरे सूखे कुएं के आसपास रविवार को लंगूरों का झुंड उछल-कूद कर रहा था। इसी दौरान एक लंगूर का बच्चा अचानक कुएं में गिर गया। ग्रामीणों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव के लिए पहले रस्सी के सहारे बाल्टी डाली गई, फिर कांटे का प्रयोग किया गया और अंत में चारपाई को बांधकर कुएं में उतारा गया। बावजूद इसके, सभी प्रयास विफल रहे और बच्चा कुएं में ही फंसा रहा।
इस दौरान लंगूर की मां और उसका झुंड कुएं के आसपास डटा रहा। रविवार बीतने के बाद सोमवार को भी फायर ब्रिगेड ने दोबारा प्रयास किया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम के बीच मायूसी का माहौल था।
इसी बीच सोमवार दोपहर अचानक लंगूरों का झुंड सक्रिय हुआ। लोगों और रेस्क्यू टीम के पीछे हटते ही झुंड के कुछ लंगूर कुएं के पास पहुंचे और देखते ही देखते करीब 15 मिनट के भीतर बच्चे को बाहर निकाल लाए। इस दृश्य को देखकर मौजूद लोग हैरान रह गए।
जिस काम को इंसान तमाम कोशिशों के बावजूद नहीं कर पाए, उसे बेजुबान जानवरों ने कुछ ही मिनटों में कर दिखाया। बच्चे के सुरक्षित बाहर आने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में होने लगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button