मौसम के बदलते मिजाज एवं धुंध और बारिश में जारी है मां वैष्णो देवी की यात्रा; ‘जय माता दी’ के जयकारे से गूंजा पारंपरिक मार्ग

कटड़ा और वैष्णो देवी भवन क्षेत्र में मौसम में बदलाव देखा गया। सुबह साफ रहने के बाद दोपहर में बारिश और धुंध के कारण हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित हुई, हालांकि पारंपरिक यात्रा जारी रही।

कटड़ा/जम्मू। कटड़ा और श्री माता वैष्णो देवी के भवन क्षेत्र में सोमवार को मौसम के बदलते मिजाज का असर यात्रा व्यवस्थाओं पर देखने को मिला। सुबह से दोपहर तक मौसम साफ रहने और धूप खिली रहने के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए यात्रा के दौरान किसी विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
श्राइन बोर्ड द्वारा सुबह करीब 7 बजे महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया और बैटरी कार सेवा भी बहाल कर दी गई। हालांकि, दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और कटड़ा सहित भवन क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई। इसके चलते दोपहर 2 बजे बैटरी कार मार्ग को पुनः बंद कर दिया गया। बावजूद इसके, पारंपरिक मार्ग से यात्रा सुचारु रूप से जारी रही।
मौसम अनुकूल रहने के कारण सुबह के समय हेलीकॉप्टर सेवा भी कुछ समय तक संचालित रही, जिससे कई श्रद्धालुओं ने हेलीकॉप्टर के माध्यम से भवन तक पहुंचकर दर्शन किए। लेकिन त्रिकूट पर्वत की ऊंची चोटियों पर अचानक धुंध छा जाने के कारण हेलीकॉप्टर सेवा रोकनी पड़ी। इससे हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को पैदल मार्ग या घोड़ा, पिट्ठू एवं पालकी का सहारा लेना पड़ा।
वहीं, पारंपरिक मार्ग से यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा। ‘जय माता दी’ के जयकारों के साथ श्रद्धालु लगातार भवन की ओर बढ़ते नजर आए। शाम पांच बजे तक लगभग 12 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर पारंपरिक मार्ग से भवन के लिए रवाना हो चुके थे।
श्राइन बोर्ड और प्रशासन द्वारा मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। त्रिकूट पर्वत पर धुंध और मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए हेलीकॉप्टर सेवा को मौसम साफ होने के बाद ही पुनः शुरू किए जाने की संभावना जताई गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखी गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button