जन्म प्रमाण पत्र न बनने से परेशान परिवार भूख हड़ताल पर, तीन साल से भटक रहा है युवक
सक्ती जिले में एक युवक अपने परिवार के साथ अनिश्चित कालीन हड़ताल पर बैठ गया है। परिवार का कहना है कि वह तीन साल से परेशान है लेकिन उसके बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन रहा है।

सक्ती/छत्तीसगढ़। सक्ती जिले में प्रशासनिक व्यवस्था से परेशान एक परिवार ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। मामला भोथिया तहसील कार्यालय का है, जहां आमापाली गांव निवासी संतोष पटेल अपने परिवार के साथ तहसील कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गया है। परिवार का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से प्रयास के बावजूद उसके दो बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए।
संतोष पटेल ने बताया कि उसके बच्चों गुड़विंदन पटेल (जन्म तिथि 12 अक्टूबर 2021) और दुर्गा पटेल (जन्म तिथि 15 नवंबर 2022) के जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनने से कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आधार कार्ड बनवाने, स्कूल में प्रवेश दिलाने और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में लगातार दिक्कतें आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ ग्राम पंचायत आमापाली में आवेदन प्रस्तुत किया जा चुका है और इस संबंध में कई बार तहसील कार्यालय के चक्कर भी लगाए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे निराश होकर परिवार को भूख हड़ताल पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा।
संतोष पटेल ने अपनी समस्या से अवगत कराते हुए कलेक्टर को पत्र भी लिखा है। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि यदि भूख हड़ताल के दौरान उनके या परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है या कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और जिला प्रशासन की होगी। फिलहाल, परिवार तहसील कार्यालय के सामने अपनी मांगों को लेकर डटा हुआ है। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




