लोनी विधायक को धमकी देने के 25 हजार का इनामी हाजी सलमान चित्तौड़ से गिरफ्तार

गाजियाबाद पुलिस ने राजस्‍थान के चितौड़गढ़ से 25 हजार के इनामी हाजी सलमान को अरेस्‍ट कर लिया है। वह लोनी विधायक को अपशब्‍द बोलने के मामले में आरोपी है।

गाजियाबाद। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने और उनकी टांग तोड़ने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी हाजी सलमान को पुलिस ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। स्वाट टीम और अपराध शाखा की संयुक्त कार्रवाई में उसे चित्तौड़गढ़ के बीजयपुर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, हाजी सलमान लोनी के गोरी पट्टी क्षेत्र का रहने वाला है। राजस्थान में उसकी मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की। विधायक के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल से जुड़े मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले सलमान का एक वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें उसने भारतीय जनता पार्टी के लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ कथित रूप से कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। वीडियो में विधायक को लंगड़ा बताते हुए उनकी दूसरी टांग तोड़ने की धमकी देने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में उसकी तलाश तेज कर दी थी।
सलमान के हिरासत में लिए जाने के बाद उसके अधिवक्ता और परिजनों ने उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। अधिवक्ता नदीम अख्तर ने बीजयपुर पुलिस थाने को ईमेल भेजकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायत में आशंका जताई गई है कि सलमान को कथित फर्जी पुलिस मुठभेड़ में नुकसान पहुंचाया जा सकता है। अधिवक्ता ने उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता की सुरक्षा के साथ हिरासत के स्थान, समय और कारण से संबंधित जानकारी सुरक्षित रखने की मांग की है।
शिकायत में सलमान के आवागमन से जुड़े डिजिटल और सीसीटीवी अभिलेखों को भी सुरक्षित रखने का अनुरोध किया गया है। साथ ही हिंदू रक्षा दल से संबंधित गतिविधियों को लेकर पूर्व में हुए विवाद का उल्लेख करते हुए पुलिस से विशेष सावधानी बरतने की मांग की गई है।
पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा और स्वाट टीम आरोपी से पूछताछ करेगी। पूछताछ के दौरान विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या उकसावे की जांच की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि इस मामले में सलमान के साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button