शराब की डिलिवरी के नाम पर 200 लोगों से ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
![]()
नई दिल्ली। आउटर नॉर्थ जिले के साइबर थाना पुलिस ने शराब की ऑनलाइन डिलिवरी रैकेट के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी अजहरुद्दीन खान (23) के तौर पर हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी अब तक देश भर में 200 से अधिक लोगों के साथ ऑनलाइन ब्रैंडेड शराब की डिलिवरी के नाम पर ठगी कर चुका है। आरोपी ने जयपुर के एक नामी कॉलेज से फार्मेसी में डिप्लोमा किया है। वह गुड़गांव की मशहूर शराब की दुकान के नाम पर गूगल ऐड पर ऐड पोस्ट करता था। ताकि गूगल सर्च करने पर टॉप पर उसी का नंबर दिखे और लोग डायल करें। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।
आउटर नॉर्थ डीसीपी देवेश कुमार माहला के मुताबिक, साइबर थाने के एसएचओ रमन कुमार सिंह के सुपरविजन में एसआई जगदीप, सोमवीर, हेड कॉन्स्टेबल सुमन लता, सौभाग्यवती, कॉन्स्टेबल विकास व टीम ने भरतपुर जिले के कामा तहसील के झेंझपुरी से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक कीपैड फोन, डेबिट कार्ड बरामद किया है। इसके अलावा दो बैंक खाते और दो वॉलेट खाते फ्रीज किए हैं।
दरअसल, एनसीआरपी पोर्टल पर पांच अगस्त को मिली शिकायत पर केस दर्ज किया था। पीड़ित ने बताया कि, यूट्यूब चैनल देखते समय स्क्रीन पर शराब की होम डिलिवरी के लिए एक फोन नंबर दिखाई दिया। उसने दिए गए मोबाइल नंबर पर कॉल किया, जो क्यूआर कोड, बार कोड और खाता संख्या भेजा। जिसके बाद ओटीपी मांगा। फिर उसके खाते से 78,374 काट लिए गए। पीड़ित ने उस नंबर पर फोन किया, मगर आरोपी ने उसका फोन नहीं उठाया। टीम ने जांच शुरू की। ठगी में इस्तेमाल फोन भरतपुर जिले के कामा तहसील के झेंझपुरी के पास एक गांव में एक्टिव मिला। तुरंत एक टीम को वहां पहुंची। आरोपी अजहरुद्दीन खान को दबोच लिया।




