भुवनेश सिंघल बने भाजपा उत्तर-पूर्वी जिला के कोषाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

दिल्ली ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के तहत उत्तर-पूर्वी जिला कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए भजनपुरा निवासी वरिष्ठ कार्यकर्ता भुवनेश सिंघल ‘भुवन’ को जिला कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा द्वारा की गई इस नियुक्ति का क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जिला कार्यकारिणी के गठन के दौरान भुवनेश सिंघल के नाम पर क्षेत्रीय सांसद, विधायक तथा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहमति रही। उनकी नियुक्ति को संगठन में उनके लंबे अनुभव और सक्रिय भूमिका का परिणाम माना जा रहा है।
भुवनेश सिंघल इससे पूर्व भजनपुरा मंडल (वार्ड-230) के मंडल अध्यक्ष, जिला मंत्री एवं जिला प्रवक्ता जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। उनके मंडल अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा को उल्लेखनीय सफलता मिली थी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मंडल के सभी 42 बूथों पर जीत सुनिश्चित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिससे शत-प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड भी बना।
सिंघल द्वारा पिछले छह वर्षों से संचालित “मंत्र सुनाओ, उपहार पाओ” अभियान भी क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा है। उनके अनुसार, इस अभियान के माध्यम से अब तक ढाई लाख से अधिक लोगों को पार्टी के विचारों से जोड़ते हुए सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा छठ महापर्व, कांवड़ सेवा शिविर, साप्ताहिक हनुमान चालीसा पाठ तथा अटल सम्मान समारोह जैसे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। वे एक प्रभावशाली वक्ता और टीवी डिबेटर के रूप में भी पहचान रखते हैं।
नियुक्ति की घोषणा के बाद भजनपुरा स्थित उनके आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर बधाई दी। अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अपनी नियुक्ति पर भुवनेश सिंघल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button