दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एलपीजी सिलेंडर कालाबाज़ारी रैकेट का किया पर्दाफाश, पाँच आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मंगोलपुरी और जहांगीरपुरी में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाज़ारी करने वाले दो रैकेटों का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में पाँच आरोपी पकड़े गए और उनके कब्जे से 104 अवैध सिलेंडर, चार वाहन, रिफिलिंग उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक वज़न मशीनें बरामद हुईं। आरोपी गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर उन्हें उपभोक्ताओं तक न पहुँचाकर अवैध रूप से जमा करते थे और ऊँचे दामों पर बेचते थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित हादसे टले और अवैध मुनाफाखोरी पर रोक लगी।
राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच (नॉर्दर्न रेंज-1) ने मंगोलपुरी और जहांगीरपुरी क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाज़ारी करने वाले दो अलग-अलग रैकेटों का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से कुल 104 अवैध एलपीजी सिलेंडर, चार वाहन, दो रिफिलिंग उपकरण, तीन डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वज़न मशीनें तथा पाइप, रेगुलेटर और नोज़ल बरामद किए गए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर उन्हें निर्धारित उपभोक्ताओं तक न पहुँचाकर अवैध रूप से जमा कर रहे हैं और खाली सिलेंडरों में गैस भरकर ऊँचे दामों पर बेच रहे हैं। इस सूचना पर इंस्पेक्टर पुख़राज सिंह और इंस्पेक्टर अजय शर्मा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं। मंगोलपुरी के टी-ब्लॉक स्थित पंकज गैस एजेंसी के पास छापेमारी में संतोष, सचिन कुमार और प्रमोद पाल को पकड़ा गया और 73 सिलेंडर व तीन वाहन बरामद हुए। वहीं, जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास गुप्त सूचना पर छापेमारी कर महेश पाल और किशन यादव को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 31 सिलेंडर और एक वाहन मिला।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गैस एजेंसी से सिलेंडर लेकर उन्हें उपभोक्ताओं तक न पहुँचाकर अवैध रूप से जमा करते थे और फिर रिफिलिंग उपकरणों की मदद से खाली सिलेंडरों में गैस भरकर खुले बाज़ार में ऊँचे दामों पर बेचते थे। इस तरह वे न केवल मुनाफाखोरी कर रहे थे बल्कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में गंभीर खतरा भी पैदा कर रहे थे।
इस मामले में क्राइम ब्रांच थाना में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं और आगे की जांच जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल संभावित हादसे टले हैं बल्कि अवैध मुनाफाखोरी पर भी अंकुश लगा है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि जनसुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसे अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए उनकी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





