राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद अब बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी के आरोप, जांच कमेटी गठित
बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामला सामने आने के बाद अध्यक्ष ने जांच के आदेश दे दिए हैं। इस मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।

बद्रीनाथ/उत्तराखंड। उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला भैरव सेना द्वारा दान चोरी के आरोप उठाए जाने के बाद चर्चा में आया, जिसके बाद मंदिर समिति ने इसे गंभीरता से लिया है।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में कहा कि श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम में चढ़ावे को लेकर चल रही खबरों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने बताया कि दान राशि की गणना में लगे सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी की ओर से सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अध्यक्ष ने जानकारी दी कि पूरे मामले की जांच के लिए एक जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है। समिति को निर्देश दिया गया है कि वह जल्द से जल्द अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाएगा और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हेमंत द्विवेदी ने कहा कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है, क्योंकि यह लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जिससे यह स्पष्ट है कि समिति इस विषय को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
सोशल मीडिया पर अध्यक्ष के कथित निजी सचिव की संलिप्तता को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी उन्होंने स्पष्ट प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनका कोई निजी सचिव नहीं है और जिन व्यक्ति का उल्लेख किया जा रहा है, वह बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति का नियमित कर्मचारी है, जो पूर्व में अन्य अध्यक्षों के साथ कार्य कर चुका है।
अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच में संबंधित कर्मचारी या कोई अन्य व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि मंदिर समिति किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी और आस्था से जुड़े इस मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।




