सीएसजेएमयू में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का किया गया सम्मान

कानपुर,(उत्तर प्रदेश)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों का मान सम्मान किया गया। कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ने विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालयों के 11 शिक्षकों को सम्मानित किया। साथ ही उनके द्वारा विश्वविद्यालय के विकास में किए गए योगदान की भरपूर सराहना भी की।पंडित दीनदयाल शोध केंद्र के दीनदयाल सभागार में हुए इस कार्यक्रम में कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ने कहा कि शिक्षकों के ऊपर देश-समाज के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी होती है। मौजूदा समय में जिस तरह से तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था बनती जा रही है, उससे हम शिक्षकों को भी स्वयं को अपग्रेड करने की आवश्यकता है।

शिक्षकों को भी निरंतर तकनीक के साथ सांमजस्य बैठाना होगा। जिससे इंटरनेट की दुनिया में भी उनके ज्ञान और अनुभव से विद्यार्थियों का लाभ मिल सके। उन्होने शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए सभी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया। महाविद्यालय विकास परिषद के निदेशक डॉ आर के द्विवेदी ने इस अवसर पर सम्बद्ध महाविद्यालयों की उपलब्धियों एवं उनके शिक्षकों द्वारा किए जा रहे परिश्रम को भी रेखाकिंत किया। डीन अकादमिक प्रो रोली शर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग द्वारा बनायी गयी डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया। जिसमें विश्वविद्यालय से सम्बद्ध शिक्षकों की उपलब्धियों को दिखाया गया।

कार्यक्रम में नई शिक्षा नीति के मुताबिक तैयार की की इन्फॉर्मेशन बुलेटिन पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ पतंजलि मिश्रा ने किया तो धन्यवाद ज्ञापन प्रो संजय स्वर्णकार ने दिया। इस अवसर पर प्रति कुलपति प्रो सुधीर कुमार अवस्थी, प्रो सुधांशु पांड्या, प्रो अंशु यादव, मीडिया प्रभारी डॉ विशाल शर्मा, आदि मौजूद रहे।शिक्षक दिवस के अवसर पर 11 सेवानिवृत शिक्षकों डॉ. के. के. अवस्थी, डॉ. वी. के. श्रीवास्तव, डॉ. मीरा श्रीवास्तव ,डॉ. श्रीनाथ सिंह, डॉ. ए. के. अवस्थी, डॉ. गीता देवी गुप्ता ,डॉ. वंदना चतुर्वेदी ,डॉ. के. के. त्रिवेदी ,डॉ. के. एम. सचदेवा ,डॉ. दिनेश पालीवाल,डॉ. अनिल कुमार शुक्ला का सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button