कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज के एनआरसी वार्ड में एसी सुविधा शुरू, कुपोषित बच्चों को मिलेगा बेहतर उपचार

सचिन पाण्डेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) के वार्ड को अब वातानुकूलित कर दिया गया है। गंभीर कुपोषित बच्चों और उनके साथ रहने वाले तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने वार्ड में दो नए एयर कंडीशनर स्थापित कर उनका संचालन शुरू कर दिया है।
भीषण गर्मी और उमस के बीच यह व्यवस्था उपचाररत बच्चों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है, ताकि उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो सके। साथ ही चौबीसों घंटे बच्चों की देखभाल में लगे परिजनों को भी गर्मी से राहत मिलेगी, जिससे वे बेहतर तरीके से बच्चों की देखरेख कर सकेंगे।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरिओम कुमार सिंह ने बताया कि एनआरसी में भर्ती कुपोषित बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए वार्ड में तत्काल दो नए एयर कंडीशनर लगाकर उन्हें चालू कराया गया है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया है कि भर्ती बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार, आवश्यक दवाएं, स्वच्छता, उचित तापमान और बेहतर वेंटिलेशन जैसी सभी जरूरी सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले जरूरतमंद बच्चों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ बेहतर उपचार और पोषण उपलब्ध कराना है, ताकि वे जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौट सकें।
नई सुविधा शुरू होने पर एनआरसी में भर्ती बच्चों के परिजनों ने भी खुशी जताई और मेडिकल कॉलेज प्रशासन की इस पहल को मरीज हित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button