पुलवामा की एसएसपी आईपीएस तनुश्री का दिल्ली हुआ तबादला, पुलवामा के बाद अब दिल्ली में करेंगी क्राइम कंट्रोल

केंद्र सरकार ने एजीएमयूटी कैडर के अधिकारियों के बड़े फेरबदल के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी तनुश्री का जम्मू-कश्मीर से दिल्ली तबादला कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आईपीएस अधिकारी तनुश्री पुलवामा एसएसपी के तौर पर तैनात थी।

श्रीनगर/एजेंसी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी ) कैडर के अधिकारियों में बड़ा फेरबदल करते हुए वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी तनुश्री का जम्मू-कश्मीर से दिल्ली तबादला कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। आदेश के मुताबिक 2017 बैच की आईपीएस अधिकारी तनुश्री को अब दिल्ली में नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
तनुश्री का जन्म 24 अप्रैल 1987 को बिहार के मोतिहारी जिले में हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मोतिहारी में हुई, जबकि 12वीं की पढ़ाई उन्होंने बोकारो के डीएवी पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज से इतिहास विषय में स्नातक की डिग्री हासिल की।
पारिवारिक पृष्ठभूमि भी सुरक्षा बलों से जुड़ी रही है। उनके पिता केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में डीआईजी पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी बड़ी बहन मनुश्री सीआरपीएफ में कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं। इसी प्रेरणा से तनुश्री ने भी अपने करियर की शुरुआत सीआरपीएफ में की और वर्ष 2014 में असिस्टेंट कमांडेंट बनीं। बाद में वर्ष 2016 में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर 652वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त करते हुए भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुईं।
जम्मू-कश्मीर में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एसआईए) में पुलिस अधीक्षक और शोपियां में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पद पर रह चुकी हैं। तबादले से पहले वह पुलवामा में एसएसपी के रूप में तैनात थीं, जहां उन्होंने 12 अक्टूबर 2025 को कार्यभार संभाला था। उन्होंने इस पद पर रहते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, उग्रवाद-रोधी अभियानों और जांच कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग और जनसंपर्क के लिए जानी जाने वाली तनुश्री के दिल्ली तबादले को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button