ट्रेड फेयर में सस्ते टिकट का झांसा देकर महिला से ठगी, क्यूआर कोड स्कैन कर खाते से उड़ाए 1200 रुपये; आरोपी गिरफ्तार

भारत मंडपम में ट्रेड फेयर का सस्ता टिकट दिलाने के नाम पर एक महिला से ठगी की गई। आरोपी ने 400 रुपये के टिकट का झांसा देकर QR कोड स्कैन कराया और खाते से 1200 रुपये निकाल लिए।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

क्राइम रिपोर्टर/प्रीती गंगवार

नई दिल्ली। भारत मंडपम् में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में टिकट दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने महिला को 400 रुपये में टिकट दिलाने का झांसा देकर क्यूआर कोड स्कैन कराया और उनके पेटीएम खाते से 1200 रुपये निकाल लिए। इतना ही नहीं, भुगतान के बाद महिला का आईफोन भी संदिग्ध तरीके से सिंक होने लगा और उसका इस्तेमाल बाधित हो गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद फैसल (38) को गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी मंजीत श्योराण के अनुसार, 15 नवंबर को महिला ट्रेड फेयर घूमने पहुंची थीं। दोपहर करीब 1:30 बजे वह गेट नंबर-4 के पास आधिकारिक ऐप के माध्यम से बिजनेस डे का 500 रुपये का टिकट ऑनलाइन खरीदने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और 400 रुपये में टिकट उपलब्ध कराने की बात कही। उसने महिला को भुगतान के लिए एक क्यूआर कोड दिया।

महिला ने जैसे ही क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान किया, उनके पेटीएम खाते से 1200 रुपये कट गए। इसके बाद उनका आईफोन सिंक होने लगा और वह फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकीं। मोबाइल पर लॉगिन की असफल कोशिश का अलर्ट भी आया। ठगी का संदेह होने पर महिला ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। इस मामले में आईआईटीएफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, ट्रेड फेयर में जेबकतरी और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने मेले में आने वाले लोगों से टिकट खरीदते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

पुलिस ने सलाह दी है कि आईआईटीएफ-2026 के टिकट केवल आधिकारिक ऐप या दिल्ली मेट्रो के निर्धारित स्टेशनों से ही खरीदे जाएं। सस्ते टिकट का लालच देने वाले अनजान लोगों के बहकावे में न आएं और किसी भी अपरिचित व्यक्ति के दिए क्यूआर कोड को स्कैन न करें। टिकट खरीदने के बाद उसकी वैधता और क्यूआर कोड की पुष्टि जरूर करें। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए मेले में तैनात पुलिसकर्मियों से संपर्क करें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button