कठुआ में सीआईएसएफ जवान ने साथियों पर की फायरिंग, असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार की मौत
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार को एक सीआईएसएफ जवान की गोलीबारी की घटना में फोर्स के असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार कर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि सीआईएसएफ के ये जवान बसोहली के मशका गांव स्थित सेवा बिजली परियोजना की सुरक्षा में तैनात थे।

जम्मू,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली क्षेत्र में मंगलवार को सीआईएसएफ के एक जवान ने कथित तौर पर अपने साथियों पर गोलीबारी कर दी। घटना में असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार सीआईएसएफ कर्मियों की मौत हो गई। घटना सेवा जलविद्युत परियोजना की सुरक्षा में तैनात जवानों के शिविर में हुई। गोलीबारी करने के आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवानों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद गोलीबारी की घटना हुई। हालांकि, फायरिंग की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
मृतकों में असिस्टेंट कमांडेंट एवं कंपनी कमांडर अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह तथा कांस्टेबल मोहम्मद रफीक और संजीव कुमार शामिल हैं। घटना के बाद घायल जवानों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
सीआईएसएफ के जवान कठुआ के बसोहली इलाके के माश्का गांव स्थित सेवा परियोजना की सुरक्षा में तैनात थे। यह क्षेत्र जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की सीमा के करीब स्थित है। घटना के बाद परियोजना स्थल और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आरोपी जवान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के कारणों और फायरिंग से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।



