छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट में भीषण विस्फोट, बॉयलर फटने से 9 मजदूरों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में भीषण बॉयलर विस्फोट हुआ। इस हादसे में 9 मजदूरों की मौत हो गई और 30 से अधिक घायल हुए, जिनमें कई गंभीर हैं।

सक्ती/छत्तीसगढ़। सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। अचानक हुए इस हादसे के बाद प्लांट परिसर में आग और धुएं का गुबार फैल गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास मौजूद श्रमिक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे में 9 मजदूरों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, हादसे के समय प्लांट में बड़ी संख्या में मजदूर कार्यरत थे। हादसे में करीब 30 से मजदूरों के घायल होने की सूचना है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंच गई और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के बाद प्लांट में भगदड़ की स्थिति बन गई थी, कई मजदूर झुलस गए, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। बचाव दल द्वारा घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम गठित की गई है। प्रारंभिक तौर पर बॉयलर फटना कारण माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी।
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया
सक्ती जिले के पावर प्लांट में हुए हादसे को बेहद दुखद बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र ने संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के स्वजनों के प्रति शोक जताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता कर रहा है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के स्वजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताया
विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। फिलहाल प्रशासन घायलों के बेहतर उपचार और राहत कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल ठाकुर के अनुसार, बॉयलर के ट्यूब फटने की वजह से यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि अब तक 9 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दस से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। कुछ मजदूरों के अब भी प्लांट परिसर में फंसे होने की आशंका है, जिन्हें निकालने के लिए राहत एवं बचाव दल लगातार प्रयास कर रहा है।
वेदांता पावर प्लांट ने जारी किया बयान
वेदांता पावर प्लांट के प्रवक्ता ने कहा कि 14 अप्रैल 2026 की दोपहर हमारे पावर प्लांट के बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें हमारे सब-कॉन्ट्रैक्टर NGSL के कर्मचारी शामिल थे, जो इस यूनिट का संचालन और रखरखाव करते हैं। हमारी तत्काल प्राथमिकता सभी प्रभावित लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता और उपचार सुनिश्चित करना है। हम घायलों को पूर्ण सहयोग प्रदान कर रहे हैं और चिकित्सा टीमों तथा स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय में हैं।
हम इस घटना के सभी विवरणों का पता लगाने की प्रक्रिया में हैं और अपने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर एक विस्तृत जांच कर रहे है। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और गहरी सहानुभूति प्रभावित लोगों के परिवारों के साथ हैं।

घायलों की लिस्ट

WhatsApp Image 2026-04-14 at 21.14.46

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button