रायबरेली के ओई गांव में मिली रहस्यमयी सुरंग, प्राचीन अवशेष मिलने से बढ़ी उत्सुकता
यूपी के रायबरेली जिले के थाना हरचंदपुर क्षेत्र में स्थित ओई गांव रहस्यमई सुरंग और कुषाण कालीन के समय के प्राचीन अवशेष मिले हैं।

रायबरेली/उत्तर प्रदेश। रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के ओई गांव में एक खेत से रहस्यमयी सुरंग और प्राचीन अवशेष मिलने का मामला सामने आया है। इस खोज के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है, वहीं प्रशासन और पुरातत्व विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले हुई बारिश के दौरान खेत का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे लगभग एक मीटर चौड़ा गड्ढा बन गया। जब खेत मालिक और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो गड्ढे के भीतर पक्की दीवार जैसी संरचना और सुरंगनुमा आकृति दिखाई दी। यह दृश्य देखकर क्षेत्र में तेजी से चर्चा फैल गई और आसपास के गांवों से लोग बड़ी संख्या में इसे देखने पहुंचने लगे।
मामले की जानकारी मिलने पर महाराजगंज के एसडीएम ने जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका को सूचित किया। इसके बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) लखनऊ मंडल की टीम को मौके पर भेजा गया। सहायक पुरातत्वविद् डॉ. मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने सीढ़ी के सहारे सुरंग के भीतर उतरकर विस्तृत जांच की।
जांच के दौरान टीम को कई प्राचीन अवशेष प्राप्त हुए हैं, जिनमें पुरानी ईंटें, मिट्टी की सुराही और एक हैंडल वाली धूपदानी शामिल हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार ये अवशेष कुषाण काल से संबंधित बताए जा रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
पुरातत्व विभाग की टीम ने गांव के निवासी अशोक प्रताप मौर्य के घर पहुंचकर उनके पास संरक्षित प्राचीन वस्तुओं का भी निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि वे वर्ष 1985 से इन अवशेषों को संभालकर रखे हुए हैं। उनके अनुसार, ओई भीट पुरातत्व विभाग के अभिलेखों में दर्ज एक ऐतिहासिक स्थल है।
फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर खेत के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। प्रशासन का कहना है कि पुरातत्व विभाग की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही इस रहस्यमयी सुरंग और अवशेषों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।




