आजमगढ़ में 55 की उम्र में पिता की 6 शादियों के बाद अब 7वीं की तैयारी, बेटे ने थाने पहुंचकर लगाई रोक की गुहार!

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। आजमगढ़ से पारीवारिक विवाद का अजीबोगरीब मामला आया है। जिले के अहिरौला थाना क्षेत्र में एक 55 वर्षीय पिता पर सातवीं शादी करने जाने का आरोप लगा है। इस बात को लेकर एक तरफ जहां पूरे क्षेत्र में चर्चा गरमाई हुई है। वहीं, इस मामले में पिता और दादी का आरोप किशोर पर ही है। दरअसल, 55 वर्षीय व्यक्ति के 17 वर्षीय बेटे ने पिता पर गंभीर आरोप लगाया है। बेटे ने इस मामले को केवल गांव तक ही नहीं रखा। अहिरौला थाने में बाकायदे तहरीर देकर पिता की उस शादी को रोकने की गुहार भी लगा रहा है। वहीं, दूसरी ओर पिता और दादी का यह कहना है कि किशोर की सारी कहानी झूठी है। वह पूरी संपत्ति अपने नाम लिखवाना चाहता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के अहिरौला थाना क्षेत्र के पूरादुबे गांव निवासी 17 वर्षीय शनि मौर्य ने अपने पिता की ओर से पहले की गई 6 शादियों को आधार बनाकर अहिरौला थाने में यह तहरीर दी है। शिकायत में कहा है कि उसका पिता अपनी पैतृक संपत्ति को बेचकर सातवीं शादी करने जा रहे हैं। बेटे के इस आरोप पर जब पुलिस ने पिता को पारिवारिक झगड़ा समझकर बीच-बचाव के उद्देश्य से समझाने के लिए थाने बुलवाया तो मामला पूरी तरह से उलट निकल गया। पुत्र के आरोप पर 55 वर्षीय पिता अमरजीत मौर्य ने बताया कि ऐसा कुछ भी नहीं है। उनका बेटा चाहता है कि वह सारी संपत्ति उसके नाम लिख दें। इस पर हामी भरते हुए दादी ने भी कहा कि साहब, अगर सारी संपत्ति हम उसके नाम कर देंगे तो वृद्धावस्था में हमारा सहारा कौन बनेगा?
शनि मौर्य का यह कहना है कि उसके पिता के पास कुल साढ़े तीन बीघा जमीन है। इस पर उसके पड़ोसी गिद्ध की तरह अपनी नजर गड़ाए रखते हैं। पड़ोसियों पर आरोप लगाते हुए शनि ने यह भी कहा कि उसके पड़ोसी हमेशा उसके पिता को पैसे का लालच देकर अपने साथ किए रखते हैं। उसकी पुश्तैनी जमीन को लिखवाने का प्रयास करते हैं। पिछली शादी के दौरान मेरे पिता करीब साढ़े तीन बिस्वा जमीन बेच भी चुके हैं।
शनि का कहना इस बात को लेकर उसको फिक्र होती कि कहीं उसके पड़ोसी उसके पिता को बहला फुसलाकर बाकी की जमीन भी अपने नाम से न लिखवा लें। शनि के अनुसार, 12वी की पढ़ाई के साथ-साथ वह मजदूरी करके अपने पिता का इलाज भी कराता है। पूर्व में अपने पिता के लिए गए कर्ज को भी चुकाने का काम करता है।
बातचीत के दौरान शनि ने बताया कि उसके पिता की छठवीं शादी मात्र दो साल पहले यानी 2024 में हुई थी। लेकिन, उसकी वह मां भी उसके पिता से उसकी पैतृक संपत्ति को अपने नाम कराना चाहती थी। इसको लेकर आए दिन घर में लड़ाई झगड़े होते थे। जब जमीन हाथ नहीं लगी तो अपने लाए हुए जेवरों के साथ उसकी छठीं मां अपना घर परिवार छोड़कर चली गई।
छठी पत्नी के जाने के बाद से ही उसकी जमीन पर नजर गड़ाए लोगों ने उसके पिता के लिए सातवां रिश्ता लाना शुरू कर दिया। पिता की सातवीं शादी को लेकर शनि को इस बात का डर है कि कहीं ऐसा न हो कि तंगहाली में उसके पिता अपनी सातवीं शादी के चक्कर में फिर से जमीन को बेच दें।
इस पूरे मामले को लेकर एक तरफ जहां ग्राम प्रधान शत्रुघन कन्नौजिया का कहना है कि चर्चा मुझे भी सुनने में आई है। दूसरी तरफ थानाध्यक्ष अहिरौला का कहना है कि यह दोनों लोगों का पारिवारिक मामला है। घर न बर्बाद हो, इसके लिए पुलिस ने दोनों पक्षों की समस्याओं को सुनकर समझाने-बुझाने का काम किया है। इस मामले केस दर्ज न होने की बात सामने आई है।




